Bihar News : बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में सोमवार को नामांकन प्रक्रिया का अंतिम दिन है। चुनावी मुकाबले को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अधिकृत उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इनके नामांकन के साथ ही चुनावी तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।


अब तक विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों सहित 11 प्रत्याशी अपने नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं। अंतिम दिन प्रमुख दलों के उम्मीदवारों के मैदान में उतरने से चुनावी माहौल और गर्म होने की संभावना है।


भाजपा ने बदला उम्मीदवार

बांकीपुर सीट पर भाजपा ने पहले अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ बंटी को उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने नामांकन भी दाखिल कर दिया था, लेकिन बाद में अपना नाम वापस लेने की घोषणा कर दी। इसके बाद पार्टी ने नीरज कुमार सिन्हा को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया। अब सोमवार को नीरज कुमार सिन्हा आधिकारिक तौर पर अपना नामांकन दाखिल करेंगे।


प्रशांत किशोर भी भरेंगे पर्चा

जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर भी सोमवार को नामांकन करेंगे। उनके चुनाव मैदान में उतरने से बांकीपुर उपचुनाव हाई-प्रोफाइल बन गया है। राजनीतिक विश्लेषकों की नजर इस सीट पर टिकी हुई है, क्योंकि यहां प्रमुख दलों के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल सकता है।


अब तक इन उम्मीदवारों ने किया नामांकन

नामांकन के अंतिम दिन से पहले कुल 11 उम्मीदवार अपने पर्चे दाखिल कर चुके हैं। इनमें विभिन्न दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं।


इनमें प्राउटिस्ट ब्लॉक इंडिया के प्रेम शंकर प्रसाद, निर्दलीय सिकंदर कुमार, मिथिलेश कुमार, महेश कुमार, अनिल दास, लालू प्रसाद, प्रगतिशील जनता पार्टी के मनोरंजन कुमार श्रीवास्तव, राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के तनवीर आलम, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की प्रत्याशी रेखा कुमारी गुप्ता, राइट टू रिकॉल पार्टी के निरंजन कुमार आचार्य और राष्ट्रीय जनसंभावना पार्टी के उपेंद्र सहनी शामिल हैं।


नामांकन के बाद होगी जांच

नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद निर्वाचन आयोग तय कार्यक्रम के अनुसार सभी नामांकन पत्रों की जांच करेगा। इसके बाद उम्मीदवारों को नाम वापस लेने का अवसर मिलेगा। नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होने के बाद चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। इसके बाद सभी दल पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार में जुट जाएंगे।


422 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान

निर्वाचन आयोग के अनुसार बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,79,471 मतदाता हैं। इनमें 1,99,987 पुरुष, 1,79,461 महिला और 23 तृतीय लिंग (मंगलामुखी) मतदाता शामिल हैं।


मतदान के लिए पूरे विधानसभा क्षेत्र में 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव आयोग ने सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची में शत-प्रतिशत फोटो कवरेज और फोटो पहचान पत्र की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।


चुनावी मुकाबले पर रहेगी नजर

बांकीपुर उपचुनाव को बिहार की अहम राजनीतिक लड़ाइयों में से एक माना जा रहा है। भाजपा, जन सुराज, राजद समेत कई दलों के मैदान में होने से मुकाबला रोचक होने की संभावना है। अब सभी की नजर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने और अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी होने पर टिकी है, जिसके बाद चुनाव प्रचार अपने चरम पर पहुंच जाएगा।