Bihar Road Accident: पटना के बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अथमलगोला थाना क्षेत्र के सबनीमा गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बुलेट सवार बिहार पुलिस के सब-इंस्पेक्टर (SI) हरेराम शर्मा और उनकी पत्नी रूबी देवी को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में रूबी देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि SI हरेराम शर्मा गंभीर रूप से घायल हैं। उनका पटना के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।



जानकारी के अनुसार, हरेराम शर्मा अपनी पत्नी रूबी देवी के साथ लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर से जलाभिषेक कर बुलेट से घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे सबनीमा गांव के पास पेट्रोल पंप के नजदीक पीछे से आ रही स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दंपती सड़क किनारे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।



हादसे के बाद घायल दंपती करीब आधे घंटे तक फोरलेन के किनारे खून से लथपथ पड़े रहे। बताया जा रहा है कि दोनों राहगीरों से मदद की गुहार लगाते रहे, लेकिन तत्काल किसी ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने में मदद नहीं की। घटना की सूचना पुलिस को मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। 



गंभीर रूप से घायल हरेराम शर्मा को पटना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं, रूबी देवी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनका पोस्टमार्टम पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में कराया गया।



हरेराम शर्मा अथमलगोला थाना क्षेत्र के सबनीमा गांव के रहने वाले हैं और बिहार पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। अथमलगोला थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल दंपती को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद फरार स्कॉर्पियो चालक की पहचान के लिए फोरलेन पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।