पटना: पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है। मोकामा विधायक अनंत सिंह ने जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है। अनंत सिंह पहले ही साफ कर चुके हैं कि वह नीरज कुमार का समर्थन नहीं करेंगे। अब उन्होंने जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन का ऐलान करते हुए उनके नामांकन कार्यक्रम में भी शिरकत की।
नामांकन के दौरान अनंत सिंह का अंदाज एक बार फिर चर्चा में आ गया। मीडिया ने जब उनसे नामांकन कार्यक्रम में जुटी भीड़ को लेकर सवाल किया तो अनंत सिंह ने पहले हाथ के इशारे से पत्रकारों को प्रत्याशी से सवाल करने को कहा। लेकिन जब पत्रकार उनके पास ही सवाल पूछने के लिए खड़े रहे तो अनंत सिंह ने अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा, “कैंडिडेट से सवाल करिए न... हमसे झूठ का क्या पूछते हैं, झूठ में हमको काहे तंज कर रहा है, भक्क!” इसके बाद पत्रकार जन सुराज के प्रत्याशी के पास पहुंच गए।
‘200 फीसदी जन सुराज की जीत होगी’
नामांकन कार्यक्रम में अपने समर्थकों और इलाके से आने वाले लोगों के स्वागत के लिए चल रही तैयारियों को लेकर भी अनंत सिंह ने खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि जन सुराज के प्रत्याशी का नामांकन है और इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोग आए हैं। उन्होंने दावा किया कि इस चुनाव में जन सुराज के प्रत्याशी की जीत होगी।अनंत सिंह ने कहा, “इनका कोई जोड़ नहीं है। मिठाई इसलिए बन रहा है कि जनता हमारे यहां आ रही है। वही मालिक हैं।” उन्होंने आगे कहा कि अगर उनके पास मिठाई नहीं भी रहेगी तो जनता उनसे मिलने आएगी। अनंत सिंह ने जन सुराज प्रत्याशी की जीत को लेकर बेहद आत्मविश्वास भरे अंदाज में कहा कि “100 तो छोड़िए, 200 प्रतिशत जन सुराज के कैंडिडेट की जीत होगी।”
नीरज कुमार से पुरानी सियासी अदावत
अनंत सिंह और जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार के बीच राजनीतिक मतभेद कोई नया नहीं है। अनंत सिंह पहले भी सार्वजनिक तौर पर कह चुके हैं कि नीरज कुमार ने हमेशा उनका विरोध किया है। इसी वजह से इस बार एमएलसी चुनाव में वह नीरज कुमार के समर्थन में खड़े होने के बजाय उनके विरोधी प्रत्याशी के साथ दिखाई दे रहे हैं।
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में इस बार मुकाबला भी दिलचस्प है। जेडीयू की ओर से मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार मैदान में हैं, जबकि जन सुराज ने अनुज सिंह को प्रत्याशी बनाया है। अनंत सिंह का खुला समर्थन इस चुनाव की सियासी चर्चा को और तेज कर रहा है।
नामांकन के दौरान अनंत सिंह के बयान और उनका बेबाक अंदाज अब राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन सकता है। खासकर पत्रकार के सवाल पर उनका “कैंडिडेट से सवाल करिए न... भक्क!” वाला जवाब लोगों का ध्यान खींच रहा है।