Anant Singh Net Worth: बिहार के मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह इन दिनों अपनी बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी को लेकर चर्चा में हैं. शादी में दामाद ऋषिकेश को करीब 2.5 करोड़ रुपये की लग्जरी Defender कार गिफ्ट करने की बात सामने आई है. इतना ही नहीं, शादी समारोह में घुड़सवारी प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसके विजेता को Thar गाड़ी इनाम में दी जाएगी. महंगे तोहफों और भव्य आयोजन की चर्चा के बीच अब लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर अनंत सिंह के पास कितनी संपत्ति है और उनकी पत्नी नीलम देवी कितनी अमीर हैं.
2025 के विधानसभा चुनाव के दौरान निर्वाचन आयोग में दाखिल चुनावी हलफनामे के मुताबिक, अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी की कुल घोषित संपत्ति 100 करोड़ रुपये से अधिक है. खास बात यह है कि संपत्ति के मामले में उनकी पत्नी नीलम देवी उनसे काफी आगे हैं. हलफनामे के आंकड़ों के अनुसार, नीलम देवी के पास अनंत सिंह से करीब 25 करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति है.
अनंत सिंह से ज्यादा अमीर हैं पत्नी नीलम देवी
चुनावी हलफनामे में दर्ज संपत्ति के आंकड़ों के मुताबिक, अनंत सिंह की कुल संपत्ति 37.88 करोड़ रुपये है. इसमें 26.66 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 11.22 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है.
वहीं उनकी पत्नी नीलम देवी के नाम पर कुल 62.72 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज है. इसमें 13.07 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 49.65 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है. इस तरह दोनों की कुल संपत्ति 100.60 करोड़ रुपये के करीब पहुंचती है.
एक साल में अनंत सिंह की आय में छह गुना से ज्यादा उछाल
अनंत सिंह की आय में भी पिछले वित्त वर्ष के दौरान बड़ा बदलाव देखने को मिला है. आयकर रिटर्न के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2023-24 में उनकी वार्षिक आय 6.39 लाख रुपये थी, जो 2024-25 में बढ़कर 39.66 लाख रुपये हो गई.
वहीं नीलम देवी की आय में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ. वित्त वर्ष 2023-24 में उनकी आय 86.92 लाख रुपये थी, जो 2024-25 में बढ़कर 88.89 लाख रुपये दर्ज की गई.
दोनों ने अपनी कमाई के स्रोतों में कृषि, व्यवसाय और अचल संपत्तियों से मिलने वाले किराये का उल्लेख किया है. इसके अलावा अनंत सिंह को विधानसभा से वेतन और पेंशन भी मिलती है.
करोड़ों की गाड़ियां और लाखों के सोने-चांदी के जेवर
हलफनामे के अनुसार, अनंत सिंह के पास 15.61 लाख रुपये नकद और करीब 15 लाख रुपये के सोने के आभूषण हैं. उनके पास लगभग 3.23 करोड़ रुपये मूल्य की तीन प्रीमियम एसयूवी भी हैं. इसके अलावा उनकी संपत्ति में घोड़े और गायें भी शामिल हैं.
वहीं नीलम देवी के पास 34.60 लाख रुपये नकद और 76.61 लाख रुपये से अधिक के सोने के आभूषण हैं. उनके नाम पर करीब 77.62 लाख रुपये मूल्य की तीन गाड़ियां भी दर्ज हैं.
पटना से दिल्ली और गुरुग्राम तक फैली संपत्तियां
अनंत सिंह और उनके परिवार की अचल संपत्तियां बिहार के अलावा दिल्ली-एनसीआर तक फैली हुई हैं. पटना के फ्रेजर रोड स्थित करीब 15 हजार वर्गफुट में फैली हसन मंजिल भी उनकी प्रमुख संपत्तियों में शामिल है, जिसकी कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई गई है.
इसके अलावा बंदर बगीचा, पाटलिपुत्र, बाढ़ और साउथ कृष्णापुरी में भी उनकी रिहायशी और व्यावसायिक जमीनें तथा इमारतें हैं. हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर-62 में व्यावसायिक कार्यालय और दिल्ली के पॉश इलाके ग्रेटर कैलाश-2 में आवासीय फ्लैट भी हलफनामे में दर्ज है. इन संपत्तियों से किराये के रूप में भी आमदनी होती है.
26 करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज भी
करोड़ों की संपत्ति के साथ अनंत सिंह और उनकी पत्नी पर बड़ी देनदारियां भी हैं. चुनावी हलफनामे के मुताबिक, दोनों पर कुल करीब 26 करोड़ रुपये का कर्ज है.
इसमें नीलम देवी के नाम पर 23.52 करोड़ रुपये की देनदारी दर्ज है. इसमें राजनंदनी प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से लिया गया 12.82 करोड़ रुपये का ऋण भी शामिल है.
वहीं अनंत सिंह पर करीब 2.48 करोड़ रुपये का कर्ज है. इसमें इसी कंपनी से लिया गया 10 लाख रुपये का व्यक्तिगत ऋण भी शामिल है.
बेटी की शादी में करोड़ों के तोहफे और लग्जरी गाड़ियों की चर्चा के बीच अनंत सिंह परिवार की संपत्ति का यह ब्योरा भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.