मोकामा: मोकामा के विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। शनिवार को अपने विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यकर्ता सम्मान समारोह में पहुंचे अनंत सिंह ने मीडिया के सवालों का खुलकर जवाब दिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं, गंगा कटाव, अस्पताल और सड़क जैसी अहम स्थानीय मुद्दों पर अपनी बात रखी। हालांकि, उनके कई जवाब अपने अलग अंदाज और भाषा की वजह से चर्चा का विषय बन गए।
मीडिया ने जब उनसे पूछा कि मोकामा क्षेत्र की समस्याओं का समाधान कब तक होगा और लोग लगातार विकास कार्यों की मांग कर रहे हैं, तो अनंत सिंह ने मुस्कुराते हुए कहा, "हमर इलाका में समस्या कभी खत्म नहीं झड़ता है।" उनके इस बयान का आशय यह था कि विधानसभा क्षेत्र काफी बड़ा है और यहां लोगों की समस्याएं लगातार सामने आती रहती हैं। एक समस्या का समाधान होता है तो दूसरी चुनौती सामने आ जाती है। इसलिए समस्याएं पूरी तरह समाप्त होना संभव नहीं है।'
गंगा कटाव पर बोले- गंगा को रोकना मेरे हाथ में नहीं
गंगा नदी में बढ़ते जलस्तर और कटाव को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि बरसात के मौसम में गंगा का जलस्तर बढ़ना और कटाव होना कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस पर आवश्यक व्यवस्था करेगा।उन्होंने अपने अंदाज में कहा, "गंगा जी में पानी आया है तो कटाव होगा। इसमें नया क्या है? गंगा जी को रोकना क्या मेरे हाथ की चीज है कि मैं रोक दूं?" उनके इस बयान का मतलब था कि प्राकृतिक आपदाओं पर किसी व्यक्ति का नियंत्रण नहीं होता, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर जो संभव होगा, वह किया जाएगा।
बेहतर अस्पताल की मांग पर मुख्यमंत्री से हुई थी बात
मोकामा में आधुनिक और बेहतर अस्पताल की मांग को लेकर विधायक ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने मोकामा में बेहतर अस्पताल उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।अनंत सिंह ने कहा, "हम मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास गए थे। उन्होंने भरोसा दिया है कि मोकामा को अच्छा अस्पताल मिलेगा। अब इसका समय मुख्यमंत्री ही तय करेंगे। मैं झूठ बोलकर कोई तारीख नहीं बता सकता।" उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना को लेकर अंतिम निर्णय सरकार के स्तर पर लिया जाएगा।
रैफरल अस्पताल में जलजमाव पर दी सफाई
मोकामा रैफरल अस्पताल परिसर में जलजमाव की समस्या को लेकर पूछे गए सवाल पर विधायक ने कहा कि उन्हें इस संबंध में अब तक कोई जानकारी नहीं मिली थी। उन्होंने कहा, "यदि इसकी जानकारी पहले मिलती तो निश्चित रूप से समाधान के लिए कोई न कोई कदम उठाया जाता।" उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों से बात कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
हाथीदह सड़क निर्माण पर जल्द राहत का दावा
मोकामा से हाथीदह तक खराब सड़क को लेकर पूछे गए सवाल पर विधायक ने कहा कि सड़क निर्माण का टेंडर पहले ही हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। उन्होंने दावा किया कि सड़क की समस्या का समाधान जल्द देखने को मिलेगा। हालांकि, सड़क पर जलजमाव के सवाल पर उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में जवाब देते हुए कहा, "अगर सड़क पर पानी जमा हो गया है तो तुरंत कोई क्या कर सकता है? क्या चाहते हैं आप लोग कि उस पानी को मैं पी जाऊं?" उनके इस जवाब पर वहां मौजूद लोग भी मुस्कुरा पड़े।
बयान बना चर्चा का विषय
अनंत सिंह अपने बेबाक और स्थानीय बोली वाले अंदाज के लिए लंबे समय से जाने जाते हैं। इस बार भी कार्यकर्ता सम्मान समारोह के दौरान दिए गए उनके बयान सोशल मीडिया और स्थानीय राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गए हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी दोहराया कि क्षेत्र के विकास कार्य लगातार जारी हैं और सड़क, स्वास्थ्य तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार और प्रशासन अपने स्तर पर काम कर रहे हैं।