Anant Singh  : मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शाही शादी संपन्न हो चुकी है। शादी के दौरान राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चा रही, लेकिन अब एक बार फिर अनंत सिंह की मुश्किलें और उनकी विधानसभा सदस्यता सुर्खियों में आ गई हैं। बेटी की शादी के लिए नोटिस का जवाब देने को समय मांगने वाले अनंत सिंह के मामले में अब आगे क्या होगा, इस पर सबकी निगाहें टिकी हैं। इसी बीच विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने ऐसा बयान दिया है, जिसने बिहार की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है।

विधानसभा अध्यक्ष ने साफ कर दिया है कि अनंत सिंह की विधायकी पर कोई भी फैसला जल्दबाजी में नहीं लिया जाएगा। इस मामले में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और विधायक अनंत सिंह, दोनों का पक्ष सुना जाएगा। इसके बाद ही नियमों के मुताबिक अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

दोनों पक्षों को सुनने के बाद ही तय होगा अनंत सिंह का राजनीतिक भविष्य

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता से जुड़े मामले में किसी एक पक्ष की बात सुनकर फैसला नहीं किया जा सकता। जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और अनंत सिंह को अपना-अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाएगा। दोनों पक्षों को सुनने के बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी।

डॉ. प्रेम कुमार गुरुवार देर शाम भगवानपुर हाट के महमदपुर गांव स्थित चंवर में सहनी मत्स्य उत्पादन सह बिक्री केंद्र परिसर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अनंत सिंह की सदस्यता को लेकर पूछे गए सवालों पर स्थिति स्पष्ट की। उनके बयान से यह साफ हो गया है कि फिलहाल अनंत सिंह की विधायकी पर अंतिम फैसला होना बाकी है। विधानसभा सचिवालय की ओर से आगे की प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद ही इस मामले में तस्वीर साफ होगी।

नीरज कुमार के खिलाफ उतरना अनंत सिंह को पड़ा भारी!

अनंत सिंह और जदयू के बीच विवाद की शुरुआत विधान परिषद चुनाव के दौरान हुई थी। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू के उम्मीदवार नीरज कुमार चुनाव मैदान में थे, लेकिन अनंत सिंह ने खुलकर उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया था।

अनंत सिंह ने जदयू प्रत्याशी का समर्थन करने के बजाय निर्दलीय उम्मीदवार अनुज कुमार के पक्ष में प्रचार किया था। उनके इस कदम को पार्टी के अनुशासन के खिलाफ माना गया। हालांकि, चुनाव परिणाम में अनुज कुमार को जीत नहीं मिली और नीरज कुमार ने बाजी मार ली।

इसके बाद जदयू ने अनंत सिंह के खिलाफ सख्त रुख अपनाया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने 24 अक्टूबर को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार को पत्र सौंपकर अनंत सिंह की प्राथमिक सदस्यता समाप्त करने के साथ ही उनकी विधानसभा सदस्यता खत्म करने की मांग की थी।

बेटी की शादी के नाम पर मांगा था समय

जदयू की ओर से शिकायत मिलने के बाद विधानसभा सचिवालय ने अनंत सिंह को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए निर्धारित समय दिया गया था।हालांकि, अनंत सिंह ने नोटिस का जवाब देने के लिए अतिरिक्त समय मांगा। उन्होंने अपनी बेटी शिवांगी की शादी का हवाला देते हुए 30 नवंबर तक की मोहलत देने का अनुरोध किया था। अब बेटी की शादी संपन्न हो चुकी है। ऐसे में सबकी नजर इस बात पर है कि अनंत सिंह कब अपना पक्ष रखते हैं और विधानसभा सचिवालय इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है।

सरेंडर पर भी टिकी निगाहें, बढ़ सकती है सियासी हलचल

अनंत सिंह की विधायकी का मामला ऐसे समय में चर्चा में है, जब उनके सरेंडर को लेकर भी राजनीतिक और कानूनी हलकों में हलचल बनी हुई है। एक तरफ विधानसभा सदस्यता पर फैसला होना है, तो दूसरी तरफ सरेंडर को लेकर भी घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल विधानसभा अध्यक्ष के बयान ने इतना जरूर साफ कर दिया है कि अनंत सिंह की विधायकी पर फैसला एकतरफा नहीं होगा। जदयू और अनंत सिंह, दोनों की दलीलें सुनने के बाद ही अगला कदम उठाया जाएगा।

अब बड़ा सवाल यही है कि क्या अनंत सिंह अपनी विधायकी बचाने में सफल होंगे या फिर जदयू की शिकायत के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता पर संकट और गहरा जाएगा? इसका जवाब आने वाले दिनों में होने वाली कार्रवाई से ही मिलेगा।