Bihar News : मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की रस्में इन दिनों बिहार में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। तिलक समारोह में परिवार की ओर से किए गए इंतजाम और खास मेहमानों की मौजूदगी ने आयोजन को भव्य बना दिया। सबसे ज्यादा सुर्खियां उस लग्जरी कार की रहीं, जिसे अनंत सिंह ने अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को उपहार में दिया। करीब तीन करोड़ रुपये कीमत की बताई जा रही लैंड रोवर डिफेंडर की चाबी सौंपते हुए विधायक ने अपनी खुशी जाहिर की।


शुक्रवार को शादी की रस्मों की शुरुआत के साथ ही अनंत सिंह अपने पैतृक गांव नदवां से परिवार और रिश्तेदारों के साथ तिलक लेकर पटना के लिए रवाना हुए। इस दौरान उनके साथ गाड़ियों का लंबा काफिला चला। काफिले में सबसे आगे सजी-धजी डिफेंडर नजर आई। इसके पीछे बीएमडब्ल्यू, फॉर्च्यूनर और थार जैसी महंगी गाड़ियां भी शामिल थीं। नदवां से दानापुर स्थित रिसोर्ट तक पहुंचे इस काफिले ने रास्ते में लोगों का ध्यान खींचा।


पटना के रिसोर्ट में वर और वधू पक्ष के लोगों ने पारंपरिक तिलकोत्सव की रस्में निभाईं। इस मौके पर ऋषिकेश कुमार को डिफेंडर की चाबी के साथ अन्य उपहार भी दिए गए। समारोह में बिहार और केंद्र सरकार के कई मंत्री, विधायक तथा राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल हुए। परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में कार्यक्रम पूरे उत्साह के साथ संपन्न हुआ।


अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को नदवां गांव में होने वाली है। शिवांगी की मां और मोकामा की पूर्व विधायक नीलम देवी ने भी बेटी को पारंपरिक तरीके से आशीर्वाद दिया। नदवां स्थित पैतृक आवास पर उन्होंने अपनी साड़ी का पल्लू बेटी के सिर पर रखकर मंगलकामना की। लाल जोड़े में सजी शिवांगी की तस्वीरें भी परिवार के समारोह की खास झलक बनीं।


शादी से पहले कई कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। 23 नवंबर को हल्दी और कलश की रस्म होगी, जबकि 24 नवंबर को मेहंदी और संगीत का आयोजन किया जाएगा। 25 नवंबर को बारात का स्वागत और विवाह की मुख्य रस्में होंगी। इसी दिन अनंत सिंह के छोटे बेटे अभिनव का जनेऊ संस्कार भी प्रस्तावित है। इस अवसर पर विधायक बेटे को करीब एक करोड़ रुपये की बीएमडब्ल्यू कार देने की बात भी कह चुके हैं।


बेटी की शादी के दिन नदवां में बड़े स्तर पर आयोजन की तैयारी है। अनंत सिंह के मुताबिक, सुबह कव्वाली का कार्यक्रम होगा और इसके बाद घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के विजेताओं को थार गाड़ी, मोटरसाइकिल और स्कूटर जैसे पुरस्कार दिए जाने की योजना है। शाम को प्रीतिभोज रखा गया है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।


दामाद को महंगी कार देने को लेकर अनंत सिंह पहले ही अपनी बात स्पष्ट कर चुके हैं। उनका कहना है कि जब कोई उपहार अपनी खुशी से दिया जाता है और सामने से उसकी मांग नहीं होती, तो उसे दहेज नहीं बल्कि गिफ्ट माना जाना चाहिए। ऋषिकेश कुमार अमेरिका में नौकरी करते हैं और वहीं से उन्होंने एमबीए की पढ़ाई पूरी की है। उनके पिता रणविजय सिंह सीआरपीएफ में कमांडेंट हैं।