PATNA: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के घर इन दिनों बेटी की शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस शाही शादी को खास बनाने के लिए परिवार और करीबी लोग अपनी-अपनी तैयारियों में जुटे हैं। इसी बीच खुद को अनंत सिंह का भगना बताने वाले पटना के समीर चौधरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में समीर खुद को अनंत सिंह का भांजा बताते हुए उनकी बेटी की शादी में 100 खस्सी गिफ्ट करने का ऐलान किया हैं।


शादी में 100 खस्सी लेकर पहुंचेंगे समीर चौधरी

वायरल वीडियो में समीर चौधरी कहते नजर आ रहे हैं कि उन्हें उनके मामा अनंत सिंह के यहां से शादी का मुख्य निमंत्रण कार्ड मिल चुका है। उन्होंने कहा कि भांजा भगवान का रूप होता है और उन्हें पूरे मान-सम्मान के साथ शादी का न्योता मिला है। ऐसे में वे अपने मामा की बेटी की शादी में पूरे शान-ओ-शौकत के साथ शामिल होंगे।


समीर ने बताया कि उन्होंने पहले से ही शादी में अपनी तरफ से 100 खस्सी देने का वादा कर रखा है। अब वे इस वादे को पूरा करने की तैयारी में जुट गए हैं। समीर चौधरी का एक रील वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने कहा था कि मामू अनंत सिंह जब बेटी की शादी का कार्ड देंगे तब हम अपनी तरफ से 100 गो खस्सी गिफ्ट करेंगे। अब खस्सी गिफ्ट करने का और अपना वादा निभाने का समय आ गया है। अनंत सिंह की ओर से बेटी के शादी का कार्ड समीर चौधरी को भेज दिया गया है। ऐसे में जो वादा समीर चौधरी ने रील के माध्यम से सोशल मीडिया पर किया था, अब उसे निभाए की घोषणा कर दी है। 


राजाबाजार में खस्सी की खरीदारी, कीमतों में उछाल

बताया जा रहा है कि समीर चौधरी शादी के लिए 100 खस्सी खरीदने में जुटे हैं। इसके लिए पटना के राजाबाजार में खस्सियों की खरीदारी और मार्केटिंग की जा रही है। इस बीच खस्सियों की कीमतों में भी उछाल देखने को मिल रहा है। जानकारी के मुताबिक, जिस खस्सी की कीमत पहले करीब 8 हजार रुपये थी, उसकी कीमत अब बढ़कर 12 हजार रुपये तक पहुंच गई है।


100 खस्सी खरीदने पर करीब 15 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। समीर चौधरी का कहना है कि वे अपने मामा अनंत सिंह की बेटी की शादी में यह खास तोहफा जरूर देंगे। फिलहाल अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी और उसमें 100 खस्सी के खास तोहफे की चर्चा सोशल मीडिया से लेकर पटना के बाजार तक हो रही है।