Bihar News : बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों अपनी भव्य तैयारियों को लेकर खूब सुर्खियां बटोर रही है। शादी में शाही पंडाल, वीवीआईपी मेहमानों, हेलीकॉप्टर और आलीशान इंतजामों की चर्चा तो हो ही रही है, लेकिन इस समारोह में एक और खास आकर्षण लोगों का रोमांच बढ़ाने वाला है। यह है घुड़दौड़ प्रतियोगिता, जिसमें देश के अलग-अलग इलाकों से शानदार नस्ल के घोड़े अपनी रफ्तार और दमखम दिखाने पहुंचेंगे।
इस रेस में झारखंड की राजधानी रांची से आने वाला 'रांची एक्सप्रेस' नाम का घोड़ा भी मैदान में उतरेगा। सिंधी नस्ल के इस घोड़े को लेकर उसके मालिक शेखावत अली को काफी उम्मीदें हैं। उनका दावा है कि रांची एक्सप्रेस अपनी रफ्तार और खास चाल के दम पर प्रतियोगिता में बाकी घोड़ों को कड़ी टक्कर देगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह घोड़ा अनंत सिंह के चर्चित घोड़ों को पछाड़कर थार अपने नाम कर पाता है।
40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार, चौताला चाल है सबसे बड़ी खासियत
रांची एक्सप्रेस सिर्फ अपने नाम की वजह से ही खास नहीं है, बल्कि इसकी रफ्तार भी इसे दूसरे घोड़ों से अलग बनाती है। बताया जा रहा है कि यह घोड़ा अधिकतम 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी 'चौताला चाल' है।
दरअसल, चौताला चाल घोड़े की एक खास लयबद्ध चाल मानी जाती है। इसमें घोड़े के चारों पैर एक के बाद एक जमीन पर पड़ते हैं। इस विशेष अंदाज की वजह से घोड़े की चाल देखने में काफी आकर्षक लगती है। यही वजह है कि घुड़दौड़ के शौकीनों के बीच इस घोड़े को लेकर खास उत्साह है।
घोड़े के मालिक शेखावत अली ने इस प्रतियोगिता के लिए रांची एक्सप्रेस को विशेष रूप से तैयार कराया है। अस्तबल में उसकी नियमित प्रैक्टिस कराई जा रही है, ताकि शादी के दिन मैदान में उतरते समय वह पूरी तरह फिट और तैयार रहे।
22 नवंबर को ट्रक से पहुंचेगा घोड़ा, साथ रहेगी पांच सदस्यीय टीम
रांची एक्सप्रेस को प्रतियोगिता में शामिल कराने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। अस्तबल के केयरटेकर फैजान अली के मुताबिक, 22 नवंबर को घोड़े को ट्रक के जरिए रांची से बिहार ले जाया जाएगा। उसकी देखभाल के लिए पांच सदस्यीय टीम भी साथ जाएगी। इस टीम में घोड़े की मालिश करने वाले और उसकी नियमित देखभाल करने वाले सदस्य शामिल होंगे। यात्रा के दौरान घोड़े की सेहत, खानपान और आराम का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि लंबा सफर तय करने के बाद भी उसकी फिटनेस पर असर न पड़े।
शेखावत अली के अस्तबल में कुल 25 घोड़े हैं। इनमें सिंधी, भूटानी और मारवाड़ी नस्ल के घोड़े शामिल हैं। हर नस्ल की अपनी अलग खासियत है। मारवाड़ी घोड़े अपनी बनावट और शाही अंदाज के लिए पहचाने जाते हैं, जबकि सिंधी घोड़े अपनी तेजी के लिए जाने जाते हैं। वहीं भूटानी नस्ल के घोड़े कम कद के होते हैं और पहाड़ी रास्तों पर चलने में माहिर माने जाते हैं।
अनंत सिंह के बुलेट और तूफान से होगी टक्कर
इस घुड़दौड़ प्रतियोगिता का रोमांच इसलिए भी बढ़ गया है, क्योंकि इसमें अनंत सिंह के चर्चित घोड़े 'बुलेट' और 'तूफान' भी हिस्सा लेने वाले हैं। ऐसे में रांची एक्सप्रेस को सिर्फ दूसरे घोड़ों से ही नहीं, बल्कि मेजबान के अपने खास घोड़ों से भी मुकाबला करना होगा।
प्रतियोगिता को और आकर्षक बनाने के लिए आयोजकों की ओर से शानदार इनाम की घोषणा की गई है। पहले स्थान पर आने वाले घोड़े के मालिक को महिंद्रा थार दी जाएगी। दूसरे स्थान पर रहने वाले को बाइक और तीसरे स्थान पर आने वाले को स्कूटी मिलेगी। यानी इस मुकाबले में सिर्फ प्रतिष्ठा की लड़ाई नहीं होगी, बल्कि लाखों रुपये के इनाम पर भी सबकी नजर रहेगी।
12 बीघे में तैयार हो रहा शादी का शाही आयोजन
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी के लिए लदमा में बड़े स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। करीब 12 बीघे में भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। वीवीआईपी मेहमानों के आगमन को देखते हुए हेलीपैड भी बनाए जा रहे हैं। शादी के कार्यक्रम में कई खास आकर्षण रखे गए हैं।
फिलहाल इस शाही शादी में होने वाली घुड़दौड़ को लेकर सबसे ज्यादा उत्सुकता बनी हुई है। एक तरफ अनंत सिंह के बुलेट और तूफान हैं, तो दूसरी तरफ रांची से आने वाला रांची एक्सप्रेस यानी हैदर। शेखावत अली को भरोसा है कि उनका घोड़ा अपनी रफ्तार और चौताला चाल से सभी को पीछे छोड़ देगा।अब सबकी निगाहें इस मुकाबले पर टिकी हैं कि आखिर घुड़दौड़ का असली सिकंदर कौन बनेगा और महिंद्रा थार किसके अस्तबल की शोभा बढ़ाएगी।