PATNA: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की आज शादी है। इस शाही शादी में शामिल होने के लिए उनके पैतृक गांव नदवां में लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा है। हालात ऐसे हैं कि नदवां जाने वाले लगभग सभी रास्तों पर भीषण जाम लग गया है। लोगों के बीच चर्चा है कि अनंत सिंह की बेटी की शादी में महाकुंभ से भी ज्यादा भीड़ पहुंच रही है।
अनंत सिंह के घर तक जाने वाली सड़कों पर घंटों से गाड़ियों की लंबी कतारें लगी हैं। फोर व्हीलर से लेकर टू-व्हीलर तक वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं। सड़कों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। लोग शाम होने से पहले शादी समारोह में पहुंचना चाहते हैं, लेकिन जाम के कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि लोग खेतों के रास्ते शादी समारोह तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। खेतों से गुजरने के दौरान कई लोग गिरते-पड़ते नजर आए। इसी दौरान एक बुजुर्ग भी खेत के रास्ते जाते समय गिर पड़े। हालांकि, उन्होंने खुद को संभाला और दोबारा शादी समारोह की ओर रवाना हो गए।
बताया जा रहा है कि अनंत सिंह ने अपनी बेटी की शादी में शामिल होने के लिए करीब 4 लाख लोगों को निमंत्रण भेजा था। वहीं, करीब 5 लाख लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। उनके एक बुलावे पर बड़ी संख्या में लोग नदवां पहुंच चुके हैं, जबकि हजारों लोग अभी रास्ते में हैं और कई जाम में फंसे हुए हैं।
हैरानी की बात यह है कि अभी बारात भी नहीं निकली है और कई वीवीआईपी मेहमानों का पहुंचना भी बाकी है। इसके बावजूद गांव में भारी भीड़ जुट चुकी है। स्थानीय लोगों और समारोह में पहुंचे मेहमानों के बीच इस बात की चर्चा है कि शादी में महाकुंभ जैसा नजारा देखने को मिल रहा है।
भीड़ और जाम की गंभीर स्थिति को देखते हुए अनंत सिंह ने घुड़दौड़ प्रतियोगिता को भी स्थगित कर दिया है। अब यह प्रतियोगिता गुरुवार को उसी मैदान में आयोजित की जाएगी। फिलहाल, नदवां में शादी का जश्न जारी है, लेकिन भारी भीड़ के कारण लोगों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।