PATNA: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए उनके पैतृक गांव नदवां में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा है। अनंत सिंह के एक बुलावे पर बड़ी संख्या में लोग शादी समारोह में पहुंच रहे हैं। इस बीच उनके कुछ जबरा फैंस अपने अनोखे अंदाज को लेकर भी चर्चा में हैं।


कोई समस्तीपुर से दौड़कर नदवां पहुंचा है, तो कोई मुजफ्फरपुर से साइकिल चलाकर शादी में शामिल होने आया है। एक फैन स्केटिंग करते हुए नदवां पहुंचा, तो किसी ने माथे पर दिल बनाकर अनंत सिंह के प्रति अपना प्यार जाहिर किया।


इसी कड़ी में 25 नवंबर को अनंत सिंह का एक और जबरा फैन अनोखे अंदाज में शादी समारोह में पहुंचा। यह शख्स बकरा गाड़ी पर सवार होकर नदवां आया। उसकी अनोखी सवारी को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुट गई। शादी समारोह में पहुंची यह बकरा गाड़ी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। अनंत सिंह के प्रति समर्थकों और प्रशंसकों का यह अनोखा अंदाज इन दिनों नदवां में चर्चा का विषय बना हुआ है।


शादी समारोह के दौरान कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। एक ओर उनके बेटे के जनेऊ का कार्यक्रम चल रहा है, तो दूसरी ओर कव्वाली का आयोजन किया जा रहा है। वहीं, मैदान में घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई है। जबकि शाम में रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन होगा। जिसमें बॉलीवुड सहित भोजपुरिया कलाकार अपनी प्रस्तुति से लोगों का मनोरंजन करेंगे। 


 मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के घर आज शादी की शहनाइयां गूंजने जा रही हैं। उनकी छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी ऋषिकेश के साथ होने जा रही है। इस शाही शादी को लेकर अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में उत्सव जैसा माहौल है। गांव में चारों तरफ चहल-पहल है और मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है।


अनंत सिंह ने अपनी बेटी की शादी में शामिल होने के लिए बिहार ही नहीं, बल्कि देश और विदेश में भी निमंत्रण भेजा है। बताया जा रहा है कि उन्होंने करीब 4 लाख लोगों को निमंत्रण कार्ड भेजकर शादी में आने का न्योता दिया है। वहीं, करीब 5 लाख लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की जा रही है।


अनंत सिंह के एक बुलावे पर बड़ी संख्या में लोग शादी में शामिल होने के लिए अपने घरों से निकल पड़े हैं। कोई ट्रेन से, कोई बस से तो कोई अपनी निजी गाड़ी से नदवां पहुंच रहा है। इतना ही नहीं, बड़ी संख्या में लोग पैदल ही शादी समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हो रहे हैं।


बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन से सामने आई एक तस्वीर में बड़ी संख्या में लोग पैदल नदवां की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। सड़क पर लोगों की भीड़ देखकर ऐसा लग रहा है, मानो कोई बड़ा धार्मिक आयोजन हो रहा हो। नदवां में महाकुंभ जैसा नजारा देखने को मिल रहा है।


अनंत सिंह की बेटी की इस शाही शादी को देखने और उसमें शामिल होने के लिए आसपास के इलाकों के साथ-साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोग पहुंच रहे हैं। शादी को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है। गांव में मेहमानों की भीड़ और जश्न का माहौल देखते ही बन रहा है।



शिवांगी की शादी को यादगार बनाने के लिए अनंत सिंह की ओर से कई खास आयोजन किए गए हैं। शादी से पहले भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसके विजेता को महिंद्रा थार गाड़ी इनाम में देने की घोषणा की गई है। इस प्रतियोगिता के लिए बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली से 20 से अधिक घोड़े लाए गए। घुड़दौड़ को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग भी पहुंचे।




अनंत सिंह की बेटी की शादी में मेहमानों के स्वागत और खानपान के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेहमानों के लिए 150 से अधिक तरह के पकवान तैयार किए जा रहे हैं। इनमें देश के अलग-अलग राज्यों के लोकप्रिय व्यंजनों के साथ बिहार और स्थानीय क्षेत्र के पारंपरिक पकवान भी शामिल हैं।




इसके अलावा, रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि शादी में मेहमानों के लिए 25 लाख से अधिक मिठाइयां और करीब 50 लाख रसगुल्लों का इंतजाम किया गया है। शिवांगी की शादी को लेकर नदवां गांव में खासा उत्साह है। पारंपरिक रस्मों से लेकर शाही खानपान और भव्य आयोजनों तक, अनंत सिंह के परिवार की यह शादी इन दिनों चर्चा का केंद्र बनी हुई है।