Anant Singh : बिहार के मोकामा विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह की बेटी की शादी इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रही है। शादी की तैयारियों के बीच अब एक और बड़े नाम की एंट्री ने इस समारोह को चर्चा में ला दिया है। बीजेपी के पूर्व सांसद और उत्तर प्रदेश के चर्चित बाहुबली नेता बृजभूषण शरण सिंह ने साफ कर दिया है कि वह अनंत सिंह की बेटी की शादी में शामिल होने नदावां जाएंगे। उन्होंने कहा कि अनंत सिंह ने बड़े प्रेम से उन्हें याद किया है, इसलिए वह शादी में जरूर पहुंचेंगे।
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, "अनंत सिंह ने प्रेम से मुझको याद किया है। हमारी बिरादरी से हैं। हम उनकी बेटी की शादी में जाएंगे।" उनके इस बयान के बाद राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में इस हाईप्रोफाइल शादी को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
हालांकि, दोनों नेताओं की जातीय पृष्ठभूमि अलग-अलग है। मोकामा विधायक अनंत सिंह भूमिहार समुदाय से आते हैं, जबकि बृजभूषण शरण सिंह राजपूत हैं। ऐसे में बृजभूषण का उन्हें बिरादरी का बताना उनके आपसी संबंधों और बाहुबली नेताओं के बीच सामाजिक जुड़ाव के संदर्भ में चर्चा का विषय बन गया है।
25 नवंबर को शिवांगी और ऋषिकेश की शादी
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर 2026 को ऋषिकेश के साथ होने जा रही है। विवाह समारोह का आयोजन अनंत सिंह के पैतृक गांव नदावां में किया जाएगा। शादी को यादगार बनाने के लिए परिवार की ओर से बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। शादी का कार्ड सामने आने के बाद से ही कार्यक्रमों और मेहमानों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
कार्ड के मुताबिक, शादी की रस्मों की शुरुआत 20 नवंबर, शुक्रवार को शुभ फलदान और तिलक के कार्यक्रम से होगी। इसके बाद 23 नवंबर, सोमवार को हल्दी की रस्म आयोजित की जाएगी। 24 नवंबर, मंगलवार को मेहंदी और संगीत का कार्यक्रम होगा। आखिरकार 25 नवंबर, बुधवार को शिवांगी और ऋषिकेश विवाह के बंधन में बंधेंगे। इन कार्यक्रमों में परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और करीबी लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। वहीं, मुख्य विवाह समारोह में देश के कई राजनीतिक, सामाजिक और चर्चित चेहरों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
शादी में वीवीआईपी मेहमानों का लगेगा जमावड़ा
अनंत सिंह की बेटी की शादी सिर्फ पारिवारिक आयोजन नहीं, बल्कि एक बड़े हाईप्रोफाइल समारोह के रूप में देखी जा रही है। शादी में कई नामी हस्तियों और वीवीआईपी मेहमानों को न्योता भेजा गया है। बृजभूषण शरण सिंह के शामिल होने की बात कहने के बाद मेहमानों की सूची को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है। इससे पहले अनंत सिंह छठ के मौके पर भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह के घर भी पहुंचे थे। उन्होंने छठ का प्रसाद ग्रहण किया और उन्हें अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण दिया था। इस मुलाकात के बाद भी शादी को लेकर खूब चर्चा हुई थी।
अनंत सिंह की ओर से पक्ष-विपक्ष के कई नेताओं और चर्चित हस्तियों को निमंत्रण दिए जाने की खबरें सामने आई हैं। ऐसे में 25 नवंबर को नदावां में सियासत, मनोरंजन और सामाजिक जगत के कई बड़े चेहरों का जमावड़ा देखने को मिल सकता है।
विदेश से मंगाए जा रहे खास फूल, कई बीघे में बन रहे पंडाल
बेटी की शादी को भव्य और यादगार बनाने में अनंत सिंह कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। मेहमानों के स्वागत से लेकर सजावट और ठहरने तक के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, समारोह स्थल को सजाने के लिए विदेश से खास फूल मंगाए जा रहे हैं।
वहीं, मेहमानों के ठहरने और विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के लिए कई बीघे जमीन पर बड़े-बड़े पंडाल तैयार किए जा रहे हैं। शादी में आने वाले मेहमानों की संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं को खास रूप दिया जा रहा है। गांव में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। समारोह को भव्य बनाने के लिए अलग-अलग स्तर पर काम किया जा रहा है।
दामाद को तीन करोड़ की डिफेंडर देने की चर्चा
इस शादी में सिर्फ वीवीआईपी मेहमान ही नहीं, बल्कि महंगे तोहफे भी चर्चा का विषय बने हुए हैं। सबसे ज्यादा चर्चा होने वाले दामाद ऋषिकेश को मिलने वाली लैंड रोवर डिफेंडर की है। खबरों के मुताबिक, अनंत सिंह अपनी बेटी की शादी में दामाद को करीब तीन करोड़ रुपये कीमत की लैंड रोवर डिफेंडर कार गिफ्ट कर सकते हैं। हालांकि, इस महंगे तोहफे को लेकर परिवार की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर इसे लेकर खूब चर्चाएं हो रही हैं।
बेटी की शादी के साथ बेटे के जनेऊ की भी तैयारी
अनंत सिंह के परिवार में इन दिनों दो बड़े आयोजनों की तैयारियां चल रही हैं। एक तरफ बेटी शिवांगी की शादी की तैयारियां जोरों पर हैं, तो दूसरी तरफ बेटे के जनेऊ संस्कार का आयोजन भी होना है। इस वजह से परिवार में उत्सव का माहौल है।
फिलहाल बृजभूषण शरण सिंह के शादी में शामिल होने के ऐलान ने इस समारोह की चर्चा को और बढ़ा दिया है। अब सबकी नजर 25 नवंबर पर टिकी है, जब नदावां में शिवांगी और ऋषिकेश की शादी होगी और यह देखना दिलचस्प होगा कि अनंत सिंह के इस भव्य आयोजन में कौन-कौन सी बड़ी हस्तियां पहुंचती हैं।