Anant Singh Daughter Marriage: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होने वाली है। शादी को लेकर मोकामा के नदमां गांव में भव्य तैयारियां की जा रही हैं। हालांकि, पिछले बेमौसम बारिश ने इन तैयारियों पर पानी फेर दिया है। 



नदमां गांव में होने वाली इस शाही शादी में करीब 25 मेहमान हेलिकॉप्टर से आने वाले थे, लेकिन बारिश और कीचड़ के कारण अब उनके सड़क मार्ग से पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल है कि 25 नवंबर को मौसम का मिजाज कैसा रहेगा? क्या शादी के दिन बारिश से राहत मिलेगी या मौसम एक बार फिर तैयारियों में बाधा बनेगा?



मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 22 नवंबर से 23 नवंबर की सुबह तक पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, अरवल, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद समेत कई जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।



वहीं, 23 नवंबर से 24 नवंबर की सुबह तक मुख्य रूप से बिहार के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से के कुछ जिलों में घने कोहरे की संभावना जताई गई है। इनमें बक्सर, भोजपुर, अरवल, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद शामिल हैं।



शिवांगी की शादी के दिन यानी 25 नवंबर को मौसम को लेकर राहत की खबर है। मौसम विभाग के उपलब्ध पूर्वानुमान मानचित्र के मुताबिक, 25 नवंबर सुबह 8:30 बजे से 26 नवंबर सुबह 8:30 बजे तक बिहार के सभी जिले ग्रीन जोन में हैं। इसका मतलब है कि इस अवधि के लिए किसी भी जिले में मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि, इसका यह अर्थ नहीं है कि बारिश या कोहरे की बिल्कुल संभावना नहीं है। मौसम की स्थिति में बदलाव हो सकता है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि शादी के दिन मौसम तैयारियों में बड़ी बाधा नहीं बनेगा और मेहमानों को आने-जाने में आसानी होगी।



बता दें कि पिछले तीन दिनों से हो रही बेमौसम बारिश ने शिवांगी की शादी की तैयारियों को प्रभावित किया है। बारिश के बावजूद कारीगर और मजदूर लगातार काम में जुटे हुए हैं। हालांकि, मैदान में पानी और कीचड़ जमा होने से कई काम अटक गए हैं।



अनंत सिंह ने भी बारिश को लेकर अपनी परेशानी जाहिर की है। उन्होंने कहा, बेमौसम बारिश ने सबकुछ बिगाड़ दिया है। कोई काम करने में नहीं बन रहा है। तीन दिन से ऐसे ही चल रहा है। तैयारी सब है, लेकिन पानी पूरा तंग कर दिया है। कादो में घोड़ा नहीं दौड़ेगा, प्लेन नहीं गिरेगा। कादो में कुछ भी काम नहीं हो सकेगा। अनंत सिंह ने बताया कि शादी में करीब 25 मेहमान हेलिकॉप्टर से आने वाले थे। इसके लिए हेलीपैड भी तैयार कराया गया था, लेकिन बारिश के कारण अब हेलिकॉप्टर की लैंडिंग संभव नहीं दिख रही है।



उन्होंने कहा कि इलाके में केवाल मिट्टी है, बलुआही मिट्टी नहीं है। ऐसे में पानी सूखने में समय लगता है। अगर बारिश रुक जाती है तो बालू डालकर काम चलाया जा सकता है, लेकिन लगातार पानी गिरता रहा तो परेशानी बनी रहेगी। फिलहाल शादी की तैयारियां जारी हैं और परिवार को उम्मीद है कि मौसम साथ देगा। अब सबकी निगाहें 25 नवंबर के मौसम पर टिकी हैं, ताकि शिवांगी की शाही शादी बिना किसी बड़ी बाधा के संपन्न हो सके।