PATNA: बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी में भारी भीड़ उमड़ी है। चार लाख से ज्यादा लोग शादी में शामिल हुए हैं। लोगों की इस भारी भीड़ का स्वागत अनंत सिंह ने भगवा गमछा लहराकर किया। किसी ने सोचा भी नहीं था कि इतनी भीड़ उमड़ेंगी लेकिन छोटे सरकार के एक बुलावे पर चार लाख से ज्यादा लोग इस शाही और ऐतिहासिक शादी का गवाह बने। लेकिन अनंत सिंह को पूरा विश्वास था कि भगवान तुल्य जनता उनके बुलावे पर जरूर आएगी, इसलिए अनंत सिंह ने 5 लाख लोगों के लिए खाना बनवा रखा है, राशन भी स्टॉक करके रखा गया है। 


अनंत सिंह की बिटिया की शादी में बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव सहित कई नेता-मंत्री शामिल हुए। उन्होंने अनंत सिंह से मिलकर उन्हें बिटिया की शादी की शुभकामनाएं और बधाई दी। बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने अनंत सिंह से मुलाकात का फोटो शेयर करते हुए लिखा है कि "आज पटना जिले के बाढ़ अंतर्गत ग्राम नदावाँ में मोकामा विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक श्री Anant Kumar Singh जी के यहाँ आयोजित शुभ विवाह समारोह में सम्मिलित होकर नवदंपति शिवांगी सिंह एवं ऋषिकेश कुमार को सुखद एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। ईश्वर से प्रार्थना है कि नवदंपति का दांपत्य जीवन प्रेम, विश्वास, सुख-समृद्धि एवं खुशियों से परिपूर्ण रहे। इस मांगलिक अवसर पर समस्त परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।"


शादी समारोह में मेहमानों और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी है। भव्य सजावट, शानदार लाइटिंग और आलीशान इंतजामों के बीच आयोजित इस शादी में कई राजनीतिक हस्तियां भी शिरकत कर रही हैं। इस बीच शादी समारोह से अनंत सिंह का एक खास अंदाज सामने आया है। भारी भीड़ के बीच अनंत सिंह खुली गाड़ी में सवार होकर पहुंचे और भगवा गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन किया। उनका यह अंदाज देखकर समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। मौके पर मौजूद लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।


शादी में आने वाले मेहमानों के लिए 150 से अधिक तरह के व्यंजन तैयार किए गए हैं। खाने के काउंटरों पर भी लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है। समारोह में उमड़े जनसैलाब के कारण आसपास की सड़कों पर भीषण जाम की स्थिति बन गई। कई मेहमानों की गाड़ियां घंटों तक जाम में फंसी रहीं।


जाम में फंसे प्रेम कुमार और रामकृपाल यादव

शिवांगी सिंह की शादी में शामिल होने नदवां जा रहे बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार और रामकृपाल यादव भी जाम में फंस गए। जाम ऐसी थी कि रामकृपाल यादव अपने काफिले को छोड़कर खेत के रास्ते अनंत सिंह के घर पर पहुंचे और उनसे मिलकर बेटी की शादी की बधाई और शुभकामनाएं दी। बताया जा रहा है कि उन्हें काफी देर तक सड़क पर इंतजार करना पड़ा। शादी समारोह में कई विधायक और मंत्री भी पहुंचे, जिनमें से कुछ को जाम की परेशानी झेलनी पड़ी।  वहीं, बाहुबली नेता मुन्ना शुक्ला की पत्नी ने भी समारोह में पहुंचकर अनंत सिंह की पत्नी से मुलाकात की। कुल मिलाकर शिवांगी सिंह की शाही शादी अपनी भव्यता, राजनीतिक मेहमानों की मौजूदगी और भारी भीड़ के कारण लगातार सुर्खियों में बनी हुई है।