बिहार की सियासत में इन दिनों मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी खूब चर्चा में है। शादी की भव्य तैयारियों से लेकर मेहमानों की लंबी फेहरिस्त तक, हर तरफ इसी समारोह की चर्चा हो रही है। बताया जा रहा है कि इस शादी में देश के कई बड़े नेताओं और चर्चित चेहरों के साथ विदेशी मेहमानों को भी निमंत्रण भेजा गया है। लेकिन इस हाईप्रोफाइल शादी में एक ऐसा नाम है, जिसे न्योता नहीं मिला। वह नाम है बिहार विधान परिषद के सदस्य और जेडीयू नेता नीरज कुमार का। अब इस मामले में नीरज कुमार ने ऐसा जवाब दिया है, जिसने बिहार की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है।

शादी में विदेशी मेहमानों को न्योता, लेकिन नीरज कुमार का नाम गायब!

दरअसल, अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी को यादगार बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। राजनीतिक गलियारों से लेकर सामाजिक और फिल्मी दुनिया तक के कई चर्चित लोगों को आमंत्रित किए जाने की चर्चा है। इस बीच सबसे ज्यादा सवाल इस बात को लेकर उठ रहा है कि अपने ही इलाके की राजनीति में सक्रिय और हाल ही में विधान परिषद की सीट जीतने वाले नीरज कुमार को शादी का निमंत्रण क्यों नहीं दिया गया?

इससे पहले अनंत सिंह ने खुद मीडिया के सामने बयान देते हुए कहा था कि उन्होंने पूरे बिहार के नेताओं को निमंत्रण दिया है, केवल एक व्यक्ति को छोड़कर। वह व्यक्ति कोई और नहीं, बल्कि नीरज कुमार हैं। उनके इस बयान के बाद से ही दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक तल्खी एक बार फिर सुर्खियों में आ गई।

नीरज कुमार का तंज- जिस घर में बेटी के रोने की आवाज आती है, वहां तरक्की नहीं होती

अब जब मीडिया ने नीरज कुमार से इस पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया मांगी तो उन्होंने बेहद दिलचस्प और तंज भरे अंदाज में जवाब दिया। नीरज कुमार ने कहा कि जिस घर में बेटी के रोने की आवाज आती है, उस घर में तरक्की नहीं होती। भगवान भी उसका भला नहीं करता है।नीरज कुमार का यह बयान सीधे तौर पर किसी का नाम लेकर नहीं था, लेकिन उनके शब्दों को आनंद सिंह के बयान और शादी के निमंत्रण से जोड़कर देखा जा रहा है। उनके इस जवाब ने राजनीतिक चर्चा को और गर्म कर दिया है। हालांकि, नीरज कुमार ने अपने बयान में किसी पर सीधा आरोप लगाने से परहेज किया, लेकिन उनके अंदाज और शब्दों से साफ था कि वह इस पूरे घटनाक्रम को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।

शादी में जाएंगे या नहीं? नीरज कुमार ने दिया दो टूक जवाब

जब नीरज कुमार से पूछा गया कि क्या वह शिवांगी सिंह की शादी में शामिल होने जाएंगे, तो उन्होंने साफ कहा कि वह शादी में शिरकत करने क्यों जाएंगे? जब उन्हें निमंत्रण ही नहीं मिला तो वहां जाने का सवाल कहां उठता है?हालांकि, उन्होंने बेटी शिवांगी के प्रति अपना सम्मान जताने में कोई कमी नहीं छोड़ी। नीरज कुमार ने कहा कि बेटी तो सबकी होती है और बेटी का सम्मान करना वह और उनकी पार्टी अच्छी तरह जानते हैं। उन्होंने मीडिया के माध्यम से शिवांगी सिंह को आशीर्वाद भी दिया।उनका कहना था कि वह फर्स्ट बिहार के माध्यम से बेटी शिवांगी को अपना आशीर्वाद देते हैं। यानी शादी में भले ही वह शामिल नहीं होंगे, लेकिन उन्होंने बेटी के लिए अपनी शुभकामनाएं जरूर भेज दी हैं।'


'न्योता सबसे थोड़ी ना चलता है', आनंद सिंह के बयान पर भी कसा तंज ...', नीरज कुमार ने बातचीत के दौरान निमंत्रण को लेकर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा, "न्योता सबसे थोड़ी ना चलता है। जिससे निमंत्रण चलेगा, उसी को न बुलाया जाएगा।"इसके बाद उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि आनंद सिंह की नजर में उनकी अहमियत इतनी बढ़ गई है कि उन्हें बुलाना भी जरूरी नहीं समझा गया। उन्होंने यह भी कहा कि उनके बारे में किस तरह की बातें और आरोप लगाए जाते हैं, यह सबको पता है। नीरज कुमार ने इशारों में अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि भगवान सबका न्याय करते हैं।


पुरानी अदावत का नया अध्याय या शादी के बहाने सियासी संदेश?

दरअसल, आनंद सिंह और नीरज कुमार के बीच राजनीतिक रिश्ते लंबे समय से सहज नहीं रहे हैं। दोनों नेताओं के बीच तल्खी कई मौकों पर सामने आ चुकी है। हालिया विधान परिषद चुनाव के दौरान भी दोनों के बीच राजनीतिक खींचतान की खूब चर्चा हुई थी। ऐसे में शिवांगी सिंह की शादी में नीरज कुमार को निमंत्रण नहीं मिलना महज एक पारिवारिक कार्यक्रम का मामला नहीं रह गया है, बल्कि इसे बिहार की सियासत से जोड़कर देखा जा रहा है।एक तरफ आनंद सिंह पूरे बिहार के नेताओं को आमंत्रित करने की बात कह रहे हैं, तो दूसरी तरफ नीरज कुमार अपने अंदाज में जवाब देकर इस विवाद को नई हवा दे रहे हैं।

फिलहाल, नीरज कुमार ने साफ कर दिया है कि वह शादी में शामिल होने नहीं जाएंगे। हालांकि, उन्होंने शिवांगी को आशीर्वाद देकर यह संदेश देने की कोशिश जरूर की है कि राजनीतिक और व्यक्तिगत मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन बेटी का सम्मान अलग बात है।

अब सवाल यही है कि क्या शादी के बाद आनंद सिंह और नीरज कुमार के बीच यह सियासी तल्खी और बढ़ेगी या फिर दोनों के बीच कभी सुलह की कोई गुंजाइश बनेगी? इतना जरूर है कि शिवांगी की शादी में किसे न्योता मिला और किसे नहीं, इस चर्चा ने बिहार की राजनीति में एक नया सियासी मसाला जरूर जोड़ दिया है।