PATNA: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह के घर जल्द ही शहनाई बजने वाली है। उनकी बेटी शिवांगी सिंह की शादी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सोमवार को अनंत सिंह की पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी ने कुलदेवी मां ब्राह्मणी के चरणों में शादी का पहला निमंत्रण कार्ड चढ़ाया। इसी के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की मांगलिक रस्मों की शुरुआत हो गई।


शिवांगी की शादी 25 नवंबर को होने वाली है। इस समारोह को भव्य बनाने के लिए पटना जिले के बाढ़ स्थित अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में बड़े स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। बताया जा रहा है कि करीब 10 बीघा जमीन पर विशाल पंडाल बनाया जा रहा है। इसके लिए उत्तर प्रदेश के मऊ से टेंट लगाने वाली टीम को बुलाया गया है।


मेहमानों के स्वागत के लिए विदेश से फूल मंगवाए जाए रहे हैं। वहीं, शादी समारोह को यादगार बनाने के लिए रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद, फेमस सिंगर उदित नारायण, भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह सहित कई कलाकारों को आमंत्रित किया गया है।


शादी की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मंगलवार को अनंत सिंह खुद नदवां गांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और घुड़सवारी प्रतियोगिता की तैयारियों की भी जानकारी ली। अपने समर्थकों और ग्रामीणों के साथ बैठकर बातचीत की और शादी को यादगार बनाने की बात कही।


बताया जाता है कि शादी में शामिल होने वाले मेहमानों के मनोरंजन के लिए हॉर्स राइडिंग (घुड़सवारी प्रतियोगिता) का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए दूसरे राज्यों से घुड़सवारों को बुलाया गया है। घुड़सवारी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले को थार गाड़ी, दूसरे स्थान पर रहने वाले को बाइक और तीसरे स्थान के विजेता को स्कूटी इनाम में दिया जाएगा।


वहीं, मेहमानों के स्वागत के लिए विदेश से विशेष तरह के फूल मंगवाए गये हैं। शादी समारोह में रंगारंग कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिसमें कई नामी कलाकारों के शामिल होने की संभावना है। बताया जाता है कि उदित नारायण, सोनू सूद, पवन सिंह, गुंजन सिंह समेत कई कलाकारों को शादी में शामिल होने का न्योता भेजा गया है। अनंत सिंह की बिटिया की शादी के लिए नदवां में 10 बीघे जमीन पर पंडाल बनाया जा रहा है, इसके लिए उत्तर प्रदेश के मऊ से कारीगरों और मजदूरों को बुलाया गया है। 


कमांडेंट के बेटे से होगी शिवांगी की शादी

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी पटना जिले के बिहटा स्थित कृष्णानगर निवासी कमांडेंट रणविजय सिंह के बेटे ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से तय हुई है। बताया जा रहा है कि ऋषिकेश पिछले 11 वर्षों से अमेरिका में रह रहे हैं। उन्होंने अटलांटा की जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई पूरी की है।


शादी से पहले 20 नवंबर को तिलक और फलदान का कार्यक्रम होगा। वहीं, 25 नवंबर को शिवांगी की शादी के साथ अनंत सिंह के छोटे बेटे अभिनव का उपनयन संस्कार यानी जनेऊ भी आयोजित किया जाएगा।



अनंत सिंह के पांच बच्चे, बड़ी बेटी की शादी लखीसराय में हुई

अनंत सिंह और पूर्व विधायक नीलम देवी के पांच बच्चे हैं। इनमें दो बेटियां राजनंदनी सिंह और शिवांगी सिंह एवं तीन बेटे अंकित, अभिषेक और अभिनव हैं। बड़ी बेटी राजनंदनी की शादी लखीसराय जिले के प्रतापपुर निवासी कुमार पुनीत से हुई है। बड़ा दामाद पुनीत केंद्रीय सेवा में अधिकारी हैं।