Anant Singh Daughter Wedding: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। पटना के नदवां गांव में होने वाले इस भव्य आयोजन को यादगार बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। मेहमानों के स्वागत से लेकर खानपान और सजावट तक, हर व्यवस्था को खास रूप दिया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि शादी में आने वाले मेहमानों के लिए 25 लाख से अधिक मिठाइयां और करीब 50 लाख रसगुल्ले तैयार किए जाएंगे। वहीं, लगभग 10 लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था करने की तैयारी है।
दुल्हन की तरह सज रहा नदवां गांव
शिवांगी की शादी को लेकर पूरे नदवां गांव का नजारा बदलने लगा है। गांव को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। मेहमानों के स्वागत के लिए करीब डेढ़ किलोमीटर तक स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं। इन भव्य द्वारों के जरिए शादी में पहुंचने वाले लोगों का स्वागत किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को देखने के लिए आसपास के इलाकों से भी लोग नदवां गांव पहुंच रहे हैं।
1500 क्विंटल चीनी से बनेंगी लाखों मिठाइयां
शादी में मिठाइयों की व्यवस्था भी खास आकर्षण बनने जा रही है। मेहमानों के लिए 25 लाख से अधिक मिठाइयां और करीब 50 लाख रसगुल्ले तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए लगभग 1500 क्विंटल चीनी मंगाई गई है। बताया जा रहा है कि चीनी की आपूर्ति के लिए पांच ट्रकों की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक ट्रक में करीब 300 क्विंटल चीनी होने की बात कही जा रही है।इतनी बड़ी मात्रा में मिठाइयां तैयार करने के लिए कारीगरों और जरूरी सामग्री का इंतजाम किया जा रहा है। आयोजकों की कोशिश है कि शादी में आने वाले मेहमानों के स्वागत और खानपान में किसी तरह की कमी न रहे।
10 लाख लोगों के भोजन की तैयारी
शिवांगी की शादी में आने वाले मेहमानों के भोजन के लिए दो अलग-अलग स्थानों पर करीब 10 एकड़ में व्यवस्था की जा रही है। आयोजन में लगभग 10 लाख लोगों के लिए खाना तैयार करने का लक्ष्य है। इसके लिए करीब 50 कारीगरों की 20 टीमें लगाई जाएंगी। इतनी बड़ी संख्या में लोगों को भोजन कराने के लिए खाना बनाने से लेकर परोसने तक की अलग-अलग व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
घोड़ों की तैयारियां देखने पहुंचे अनंत सिंह
बेटी की शादी की भव्य तैयारियों के बीच अनंत सिंह का देसी अंदाज भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। पीली शर्ट, गले में लाल गमछा और सिर पर काली टोपी पहने अनंत सिंह घोड़ों की प्रैक्टिस देखने पहुंचे। शादी में घोड़ों का आयोजन भी खास आकर्षण रहने वाला है। पारंपरिक रंग और भव्यता के मेल से इस शादी को यादगार बनाने की तैयारी की जा रही है।
शादी को लेकर गांव में उत्साह
फिलहाल नदवां गांव में शिवांगी की शादी को लेकर उत्साह का माहौल है। डेढ़ किलोमीटर तक स्वागत द्वार बनाने, लाखों मिठाइयां तैयार करने और 10 लाख लोगों के भोज की व्यवस्था जैसी तैयारियां इस आयोजन को खास बना रही हैं। शादी की तैयारियों को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी लोग पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को शादी की रस्में शुरू हो गईं।