Anant Singh Daughter Wedding: बिहार के मोकामा में पूर्व विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी इन दिनों अपने भव्य आयोजन के साथ-साथ अनोखे नजारों को लेकर भी चर्चा में है। मोकामा के नदवां गांव में आयोजित शादी के महाभोज में भारी संख्या में लोग पहुंचे। भीड़ इतनी अधिक होने का दावा किया जा रहा है कि खाने-पीने की व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया और मेहमानों के लिए रखी गई प्लेटें तक कम पड़ गईं।



प्लेटों की कमी होने पर मेहमानों ने इंतजार करने के बजाय देसी जुगाड़ निकाल लिया। किसी ने पानी पीने वाले गिलास में ही पूड़ी-सब्जी डालकर खाना शुरू कर दिया, तो किसी ने कार्टन को खाने की प्लेट बना लिया। सोशल मीडिया पर इस अनोखे जुगाड़ के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।



महाभोज के वायरल वीडियो में कुछ मेहमान गिलास में पूड़ी और सब्जी रखकर खाते नजर आ रहे हैं। वहीं, कुछ लोगों ने कार्टन का इस्तेमाल खाने की प्लेट के रूप में किया। बताया जा रहा है कि कई मेहमान प्लेट या पत्तल मिलने का इंतजार करने के बजाय सीधे बड़े-बड़े बर्तनों के पास पहुंच गए और वहां से सब्जी निकालकर खाने लगे। इन वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। लोग मेहमानों के इस देसी जुगाड़ को लेकर मजेदार टिप्पणियां कर रहे हैं।



शिवांगी की शादी के महाभोज में रसगुल्लों को लेकर भी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। वायरल वीडियो और तस्वीरों में मिठाई लेने के लिए लोगों की भीड़ और आपाधापी दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। खाने की व्यवस्था के बीच रसगुल्लों को लेकर सामने आए वीडियो भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं।



बताया जा रहा है कि अनंत सिंह ने पहले ही कह दिया था कि उनकी बेटी की शादी में शामिल होने के लिए किसी खास निमंत्रण की जरूरत नहीं है। उनके इस खुले न्योते के बाद बिहार के अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में लोग शादी समारोह में पहुंचे।



मेहमानों की भारी संख्या के कारण आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं पर दबाव साफ नजर आया। सोशल मीडिया पर कुछ लोग इतने बड़े आयोजन में खाने की व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं, तो कुछ मेहमानों के जुगाड़ की तारीफ करते हुए मजाकिया प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुल मिलाकर, अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी का महाभोज अपनी भव्यता के साथ-साथ गिलास और कार्टन में पूड़ी-सब्जी खाने के अनोखे नजारों के कारण भी सुर्खियों में बना हुआ है।