Anant Singh Daughter Wedding: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी की तैयारियां अब अंतिम चरण में है। इस शाही शादी में चार लाख से अधिक लोगों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है। मेहमानों के लिए दिन-रात मिठाईयां बन रही हैं। टेंट-सामियाना लगाए जा रहे हैं। शादी से पहले होने वाले घुड़दौड़ की भी तैयारियां हो रही हैं। इन सबके बीच शाही शादी में आए हाथी लक्ष्मी-नारायण की खूब चर्चा हो रही है।



दरअसल, अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी को खास बनाने के लिए तमाम तरह की तैयारियां की गई है। शादी में जयमाला कराने के लिए लक्ष्मी-नारायण नाम के हाथी को मंगाया गया है। जो जयमाला तो कराएगा ही और लोगों का स्वागत भी करेगा। इस हाथी पर खुद अनंत सिंह सवार होंगे। बताया जा रहा है कि यह हाथ न सिर्फ हिन्दी समझता है बल्कि अंग्रेजी भाषा को भी अच्छी तरह से समझता है।



लक्ष्मी-नारायण के महावत ने बताया कि पटना के नौबतपुर से वह हाथी लेकर पहुंचे हैं। ट्रक से हाथी को नदवां गांव में लाया गया है। उन्होंने बताया कि लक्ष्मी-नारायण उनकी सभी बात मानता है लेकिन जब वह मस्ती में आ जाएगा तो किसी की नहीं सुनेगा। लक्ष्मी-नारायण हिन्दी और अंग्रेजी दोनों समझता है।



बता दें कि बिहार के मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों चर्चा में है। पटना के बाढ़ क्षेत्र स्थित नदवां गांव में होने वाले इस भव्य विवाह समारोह में शाही इंतजाम किए गए हैं। शादी के कार्यक्रमों के साथ-साथ 25 नवंबर को आयोजित होने वाली घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले घुड़सवार को महिंद्रा थार, दूसरे स्थान पर रहने वाले को बुलेट और तीसरे स्थान पर आने वाले प्रतिभागी को स्कूटी दी जाएगी। घुड़दौड़ का आयोजन 25 नवंबर को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा।



24 नवंबर को मेहंदी और संगीत कार्यक्रम से होगा। इस दौरान परिवार की महिलाएं और रिश्तेदार जश्न में शामिल होंगे। शाम को भोजपुरी और पारंपरिक शादी के गीतों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए भव्य पंडाल और मंच तैयार किया गया है। वहीं, 25 नवंबर को सुबह बेटे अभिनव कुमार का जनेऊ संस्कार होगा। इसके बाद सुबह 10 बजे कव्वाली कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दोपहर में घुड़दौड़ प्रतियोगिता होगी, जिसमें विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। मेहमानों के खानपान के लिए भी बड़े स्तर पर इंतजाम किए गए हैं। आयोजन से जुड़े दावों के मुताबिक, करीब चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। मेहमानों के लिए 150 से अधिक तरह के व्यंजन तैयार किए जा रहे हैं।