Bihar News : बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में चर्चा का विषय बनी हुई है। शादी की भव्य तैयारियों से लेकर महंगी गाड़ियों, शाही पंडाल और मेहमानों के स्वागत तक, हर बात सुर्खियां बटोर रही है। लेकिन इस हाईप्रोफाइल शादी के बीच सबसे ज्यादा चर्चा दहेज को लेकर हो रही है। सोशल मीडिया से लेकर मीडिया रिपोर्ट्स तक में तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं। अब इन तमाम चर्चाओं के बीच अनंत सिंह के होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार ने खुद सामने आकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि उन्होंने शादी में दहेज के नाम पर एक रुपया भी नहीं मांगा है। उन्हें सिर्फ परिवार का आशीर्वाद चाहिए।
दरअसल, अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी बिहटा निवासी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित के साथ होने जा रही है। इस शादी को लेकर पिछले कई दिनों से बिहार की सियासत और सामाजिक गलियारों में खूब चर्चा हो रही है। शादी में करोड़ों रुपये की लग्जरी गाड़ियों और दूसरी महंगी चीजों को लेकर भी कई तरह की खबरें सामने आई हैं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा लैंड रोवर डिफेंडर कार की है, जिसे अनंत सिंह की ओर से अपने होने वाले दामाद को उपहार में दिए जाने की बात कही जा रही है।
हालांकि, इस पूरे मामले पर अनंत सिंह पहले ही अपना पक्ष रख चुके हैं। उनका कहना है कि दहेज और उपहार दोनों अलग-अलग चीजें हैं। उनके मुताबिक, दहेज वह होता है जिसकी मांग की जाती है, जबकि बेटी और दामाद को अपनी खुशी से कुछ देना उपहार है। अब होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार के बयान ने इस चर्चा को और दिलचस्प बना दिया है।
मीडिया के साथ बातचीत में ऋषिकेश कुमार ने शादी को लेकर मीडिया में चल रही खबरों पर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि शिवांगी की शादी को लेकर कई जगह गलत जानकारियां प्रसारित की जा रही हैं। ऐसे में उन्होंने खुद आगे आकर वास्तविक स्थिति बताने का फैसला किया। उन्होंने पत्रकार को संदेश भेजकर अपनी बात रखी और कुछ तस्वीरें भी साझा कीं। इन तस्वीरों में उनके पिता रणविजय सिंह, होने वाले ससुर अनंत सिंह और परिवार के अन्य सदस्य नजर आ रहे हैं।
ऋषिकेश कुमार ने दहेज को लेकर अपनी बात रखते हुए कहा कि बहुत सारे लोग उनसे इस बारे में सवाल कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने दहेज में एक रुपया भी नहीं मांगा है। उन्होंने कहा कि उन्हें सिर्फ आशीर्वाद चाहिए। उनका कहना था कि जब वह खुद कमाते हैं और अपने पैरों पर खड़े हैं तो उन्हें दहेज लेने की क्या जरूरत है। उनके इस बयान के बाद शादी में मिलने वाले महंगे उपहारों और दहेज को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच एक नया पहलू सामने आया है।
इधर, शादी की तैयारियां दोनों परिवारों में तेजी से चल रही हैं। अनंत सिंह के पैतृक गांव लदमा से लेकर बिहटा तक विवाह समारोह को लेकर उत्साह का माहौल है। होने वाले दामाद ऋषिकेश के परिवार की ओर से भी बहू के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। पटना के बिहटा में शिवांगी के शादी के बाद गृह प्रवेश और स्वागत को यादगार बनाने के लिए एक नया घर तैयार कराया गया है।
बुधवार को इसी घर में वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गृह प्रवेश की पूजा संपन्न हुई। ऋषिकेश कुमार के परिवार के सदस्य दिल्ली से बिहटा पहुंच चुके हैं। अब इसी घर में हल्दी समेत शादी से जुड़ी कई महत्वपूर्ण रस्में आयोजित की जाएंगी।
बताया जा रहा है कि 20 नवंबर को तिलक और 25 नवंबर को विवाह का कार्यक्रम निर्धारित है। शादी को भव्य बनाने के लिए अनंत सिंह के परिवार की ओर से बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इस समारोह में बॉलीवुड के मशहूर गायक सोनू निगम और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की कई चर्चित हस्तियों के शामिल होने की भी चर्चा है।
फिलहाल इस शादी की चर्चा सिर्फ इसकी भव्यता और महंगे उपहारों तक सीमित नहीं है। होने वाले दामाद ऋषिकेश का दहेज को लेकर दिया गया बयान भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। एक तरफ करोड़ों की गाड़ियों और शाही इंतजामों की खबरें हैं, तो दूसरी तरफ ऋषिकेश का कहना है कि उन्हें दहेज में कुछ नहीं चाहिए, सिर्फ आशीर्वाद चाहिए। ऐसे में अब सबकी निगाहें 25 नवंबर को होने वाले इस चर्चित विवाह समारोह पर टिकी हैं