PATNA: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को बाढ़ के नदवां में होगी। शादी समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मेहमानों के खानपान के लिए बड़े स्तर पर इंतजाम किए जा रहे हैं। रसगुल्ले बनाने के लिए पांच टैंकर दूध मंगवाए गए हैं। करीब 50 हजार लीटर दूध से छेना निकालकर रसगुल्ले तैयार किए जा रहे हैं।
शादी में भोजन बनाने के लिए 300 से ज्यादा चूल्हे लगाए गए हैं। 500 से अधिक हलवाई और कारीगर दिन-रात खाना बनाने में जुटे हैं। इसके लिए भारी मात्रा में सब्जियां, राशन और अन्य सामान मंगवाया गया है।
तैयारी के लिए 2 टन आलू, 1 टन टमाटर, 600 किलो फूलगोभी, 1 टन बंदगोभी, 2 टन प्याज और 1 टन पनीर मंगवाया गया है। इसके अलावा 300 किलो शिमला मिर्च, 300 किलो बीन्स, 900 किलो गाजर और 500 किलो मटर की व्यवस्था की गई है।
मसालों और अन्य जरूरी सामान में 100 किलो हरी मिर्च, 100 किलो धनिया पत्ता, 100 किलो लहसुन और 100 किलो अदरक शामिल हैं। खाना बनाने के लिए एक ट्रैक्टर रिफाइंड तेल, एक ट्रैक्टर डालडा, 500 क्विंटल चीनी, एक ट्रैक्टर मैदा और एक ट्रक आटा मंगवाया गया है। इसके साथ ही एक ट्रक कोयला और एक ट्रक कमर्शियल गैस सिलेंडर भी पहुंचाया गया है।
इधर, शिवांगी की शादी से पहले आज मेहंदी और संगीत का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए अनंत सिंह के पैतृक गांव बाढ़ के नदवां स्थित आवास पर विशेष तैयारियां की गई हैं। शादी समारोह में बड़ी संख्या में मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है।