Bihar News : बिहार की राजनीति में अपनी अलग पहचान रखने वाले मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी के तिलक समारोह में शुक्रवार को राजनीति और पारिवारिक उत्सव का अनोखा संगम देखने को मिला। पटना के दानापुर स्थित एक रिसॉर्ट में आयोजित इस समारोह में एनडीए के कई बड़े नेता, मंत्री, विधायक और चर्चित हस्तियां शामिल हुईं। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से लेकर बिहार सरकार के मंत्री विजय सिन्हा और रामकृपाल यादव तक ने समारोह में पहुंचकर वर-वधू पक्ष को शुभकामनाएं दीं। समारोह में नेताओं की मौजूदगी के साथ अनंत सिंह का खास अंदाज भी चर्चा का विषय बना रहा।


शिवांगी की शादी की रस्मों की शुरुआत शुक्रवार को तिलक समारोह के साथ हुई। इसके लिए अनंत सिंह अपने पैतृक गांव नदवां से परिवार और रिश्तेदारों के साथ पटना पहुंचे। सगुना मोड़ के पास दानापुर स्थित रिसॉर्ट में वर पक्ष की ओर से तिलक का आयोजन किया गया था। अनंत सिंह के पहुंचते ही वहां समर्थकों और मेहमानों की भीड़ जुट गई। कार्यक्रम में उनका स्वागत करने और उनसे मिलने के लिए लोगों में खास उत्साह नजर आया।


समारोह में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव और पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र पहुंचे। इन नेताओं की उपस्थिति ने आयोजन को खास बना दिया। बिहार की राजनीति में सक्रिय कई अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी समारोह में शिरकत की। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के विधायक माधव आनंद, आलोक सिंह और रामेश्वर महतो भी कार्यक्रम में पहुंचे। सभी ने अनंत सिंह और उनके समधी रणविजय सिंह से मुलाकात की।


राजनीतिक हस्तियों के अलावा समारोह में मनोरंजन जगत से जुड़े चेहरे भी दिखाई दिए। भोजपुरी और मगही संगीत के लोकप्रिय गायक गुंजन सिंह ने मंच पर अपनी प्रस्तुति दी। उनके गीतों ने समारोह में मौजूद मेहमानों का मनोरंजन किया। बिहार के चर्चित गोल्ड मैन प्रेम कुमार सिंह भी इस आयोजन में पहुंचे। इस तरह तिलक समारोह में राजनीति, संगीत और पारिवारिक उत्सव का रंग एक साथ देखने को मिला।


अनंत सिंह समारोह में अपने खास अंदाज के कारण भी चर्चा में रहे। रिसॉर्ट पहुंचने के बाद वह अपने समधी रणविजय सिंह के साथ बैठे और मेहमानों का स्वागत किया। इस दौरान समर्थकों ने उनके समर्थन में नारे लगाए। अनंत सिंह ने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। समारोह में उनके परिवार और रिश्तेदारों की मौजूदगी ने आयोजन को पारिवारिक माहौल दिया।


तिलक की रस्म में होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को परिवार की ओर से सोने-चांदी के आभूषण और अन्य उपहार दिए गए। अनंत सिंह ने दामाद को करीब तीन करोड़ रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर गाड़ी उपहार में देने की बात भी सामने आई। फलदान की रस्म शुरू होने के बाद अनंत सिंह समारोह से निकल गए, जबकि उनके बेटों और परिवार के अन्य सदस्यों ने आगे की रस्में पूरी कीं।


शिवांगी की शादी 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव नदवां में होने वाली है। इससे पहले 23 और 24 नवंबर को हल्दी, मेहंदी और संगीत जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शादी के दिन बारात का स्वागत और रात में विवाह की रस्में होंगी। आयोजन को भव्य बनाने के लिए गांव में बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। पंडाल, मेहमानों के स्वागत और भोज की व्यवस्था को लेकर परिवार जुटा हुआ है।


अनंत सिंह की बेटी के तिलक समारोह में नेताओं की मौजूदगी ने इसे केवल पारिवारिक आयोजन तक सीमित नहीं रहने दिया। बिहार के राजनीतिक गलियारों में भी इस समारोह की चर्चा रही। जेडीयू से निष्कासित अनंत सिंह के यहां एनडीए नेताओं का पहुंचना राजनीतिक दृष्टि से भी ध्यान खींचने वाला रहा। हालांकि नेताओं की मौजूदगी का मुख्य उद्देश्य पारिवारिक समारोह में शामिल होकर शुभकामनाएं देना था।