PATNA:मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी की रस्में शुरू हो गई हैं। आज सोमवार को उनके पैतृक गांव नदवां में हल्दी और कलश की रस्म आयोजित की जा रही है। इस खास मौके पर मेहमानों का पहुंचना भी शुरू हो गया है।
यूपी के बीजेपी विधायक सुशील सिंह और अवधेश प्रताप भी शिवांगी को आशीर्वाद देने नदवां पहुंचे। वहीं, अनंत सिंह खुद मेहमानों का स्वागत करते नजर आए। इस दौरान उन्होंने कहा कि शादी को लेकर जो कार्यक्रम तय किया गया था, वह उसी के अनुसार होगा।
बता दें कि मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होने वाली है। इससे पहले सोमवार, 23 नवंबर को नदवां स्थित अनंत सिंह के पैतृक आवास पर हल्दी और कलश की पारंपरिक रस्में निभाई जा रही हैं।
शिवांगी की शादी को लेकर पूरे गांव में भव्य तैयारियां की गई हैं। समारोह में करीब 4 लाख मेहमानों के पहुंचने की संभावना है। अनंत सिंह ने 5 लाख लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था कराई है। उन्होंने खुद लोगों से अपील की है कि जिन लोगों को शादी का कार्ड नहीं मिला है, वे भी उनकी बेटी को आशीर्वाद देने जरूर आएं।
हालांकि शादी समारोह की तैयारियों के बीच चक्रवात के कारण हुई बारिश ने आयोजकों की परेशानी बढ़ा दी थी। परिसर में कई जगह पानी जमा हो गया था। इसके बाद जेसीबी से बालू मंगाकर जमीन को समतल करने और पानी निकालने का काम कराया गया। मौसम साफ होने के बाद पंडाल निर्माण के काम में तेजी आई है।
पूरे परिसर को फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जा रहा है। भव्य स्टेज को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। हल्दी और कलश की रस्म के बीच मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला जारी है।
इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के बीजेपी विधायक सुशील सिंह और अवधेश प्रताप भी नदवां पहुंचे। दोनों ने कहा कि वे शिवांगी को आशीर्वाद देने आए हैं। वहीं, अनंत सिंह खुद मेहमानों की अगवानी कर रहे हैं।
अब सभी की नजरें 25 नवंबर को होने वाली इस शाही शादी पर टिकी हैं, जिसमें बड़ी संख्या में मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है।