Anant Singh Daughter Haldi Ceremony: मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी का जश्न आज से और तेज होने जा रहा है। पटना जिले के नदवां स्थित पैतृक आवास पर आज हल्दी और कलश की रस्म निभाई जाएगी। घर को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। अंदर भव्य स्टेज भी तैयार है। लेकिन पिछले तीन दिनों से हो रही बेमौसम बारिश ने शादी की तैयारियों के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। खासकर घुड़दौड़ के लिए तैयार मैदान में कीचड़ जमा होने से आयोजन पर संकट मंडराने लगा था। हालांकि, अब इस परेशानी से निपटने के लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं।

बारिश से बिगड़े हालात को संभालने के लिए मैदान में डस्ट और गंगा की बालू मंगाई गई है। कीचड़ को हटाकर जमीन को दोबारा इस्तेमाल के लायक बनाने की कोशिश की जा रही है। आयोजन से जुड़े लोगों को उम्मीद है कि अगर अगले 24 घंटे तक बारिश नहीं होती है तो मैदान की स्थिति काफी हद तक ठीक हो जाएगी। ऐसे में शादी के दौरान प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर उम्मीदें फिर से बढ़ गई हैं।

आज हल्दी की रस्म, घर में शुरू होगा शादी का असली जश्न

शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होनी है। इससे पहले आज परिवार में हल्दी और कलश की रस्म निभाई जाएगी। इस खास मौके के लिए घर को भव्य तरीके से सजाया गया है। परिवार की महिलाएं पारंपरिक गीतों के बीच दुल्हन को हल्दी लगाएंगी। मांगलिक रस्मों के साथ शादी के उत्सव की औपचारिक शुरुआत होगी।

नदवां स्थित अनंत सिंह के आवास पर मेहमानों के स्वागत की भी तैयारियां की गई हैं। घर के अंदर आकर्षक स्टेज बनाया गया है, जबकि पूरे परिसर को फूलों और रंगीन लाइटों से सजाया गया है। परिवार के लिए आज का दिन खास है, क्योंकि हल्दी की रस्म के साथ बेटी की शादी का उत्साह अपने चरम पर पहुंचने वाला है।

कीचड़ से निपटने के लिए डस्ट और गंगा बालू का इंतजाम

शादी में घुड़दौड़ का आयोजन खास आकर्षण माना जा रहा है। इसके लिए मैदान तैयार कराया गया था, लेकिन लगातार बारिश के कारण वहां कीचड़ जमा हो गया। केवाल मिट्टी होने की वजह से जमीन जल्दी नहीं सूख रही है। ऐसे में आयोजकों ने मैदान को दुरुस्त करने के लिए डस्ट और गंगा बालू मंगाई है।

योजना है कि कीचड़ वाले हिस्सों पर बालू और डस्ट डालकर जमीन को मजबूत किया जाए, ताकि मैदान को घुड़दौड़ और दूसरे आयोजनों के लिए तैयार किया जा सके। अब मौसम का साथ मिलना सबसे जरूरी है। यदि अगले 24 घंटे तक बारिश नहीं होती है तो मैदान को दुरुस्त करने का काम तेजी से पूरा किया जा सकता है।

अनंत सिंह ने भी जताई थी चिंता, बोले- कादो में नहीं दौड़ेगा घोड़ा

बारिश से परेशानियों को लेकर अनंत सिंह ने भी अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा था कि कादो में घोड़ा नहीं दौड़ेगा और हेलीकॉप्टर भी नहीं उतर पाएगा। उनके मुताबिक, इलाके में केवाल मिट्टी है, बलुआही मिट्टी नहीं। इसलिए बारिश रुकने के बाद भी जमीन को सूखने में समय लगता है। हालांकि, अब मैदान में डस्ट और गंगा बालू मंगाने के बाद तैयारियों को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश हो रही है। अगले 24 घंटे मौसम साफ रहा तो शादी के आयोजन को लेकर तस्वीर बदल सकती है।

25 मेहमानों की हेलीकॉप्टर एंट्री पर भी मौसम का असर

शिवांगी की शादी में करीब 25 मेहमानों के हेलीकॉप्टर से पहुंचने की योजना थी। इसके लिए नदवां में हेलीपैड भी तैयार कराया गया था। लेकिन बारिश के कारण जमीन की स्थिति खराब हो गई है। हेलीकॉप्टर की लैंडिंग को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है। मौसम साफ होने के साथ हेलीपैड की जमीन का सुरक्षित होना जरूरी है। ऐसे में हेलीकॉप्टर से आने वाले मेहमानों को लेकर अंतिम फैसला मौसम और लैंडिंग की अनुमति पर निर्भर करेगा।

फिलहाल नदवां में एक तरफ आज की हल्दी रस्म की तैयारियां हैं, तो दूसरी तरफ मैदान को दुरुस्त करने की कवायद चल रही है। परिवार और आयोजन से जुड़े लोगों की निगाहें अगले 24 घंटे के मौसम पर टिकी हैं। अगर बारिश थम गई तो घुड़दौड़ से लेकर दूसरे बाहरी कार्यक्रमों तक की तैयारियों को नई रफ्तार मिल सकती है।