MLC Election 2026 : पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर बिहार की सियासत लगातार गरम होती जा रही है। इस बीच मोकामा विधायक अनंत सिंह ने 17 अक्टूबर को अपने समर्थकों और करीबी लोगों के साथ बड़ी बैठक करने का फैसला किया है। यह बैठक पटना के माल रोड स्थित उनके आवास पर होगी। बैठक की शुरुआत सुबह 10 बजे से होगी। माना जा रहा है कि इस बैठक में पटना स्नातक सीट के चुनाव को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा हो सकती है।


अनंत सिंह पिछले कुछ दिनों से पटना स्नातक सीट के चुनाव को लेकर लगातार चर्चा में हैं। वह खुलकर जनसुराज समर्थित उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के पक्ष में दिखाई दे रहे हैं। वहीं इस सीट से एनडीए-जेडीयू के उम्मीदवार और मौजूदा विधान पार्षद नीरज कुमार चुनाव मैदान में हैं। ऐसे में अनंत सिंह का रुख चुनावी समीकरण के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


17 अक्टूबर की बैठक को लेकर राजनीतिक हलकों में भी तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गई है। अनंत सिंह अपने लोगों के साथ बैठक कर आगे क्या करना है, किस तरह से चुनाव में भूमिका निभानी है और समर्थकों के बीच किस संदेश के साथ जाना है, इस पर बात कर सकते हैं। हालांकि बैठक में किन-किन मुद्दों पर अंतिम फैसला होगा, इसकी तस्वीर बैठक के बाद ही साफ होगी।


अनंत सिंह लगातार यह कहते रहे हैं कि वह अपने लोगों और जनता के बीच जाकर अपनी बात रखेंगे। पटना स्नातक सीट के चुनाव में भी वह अपने समर्थित उम्मीदवार के लिए वोट मांग रहे हैं। पिछले दिनों जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान भी उन्होंने लोगों से अपने उम्मीदवार के पक्ष में समर्थन की अपील की थी।


इस चुनाव में अनंत सिंह की सक्रियता इसलिए भी अहम है क्योंकि पटना स्नातक सीट के दायरे में पटना, नालंदा और नवादा जिले आते हैं। यहां बड़ी संख्या में स्नातक मतदाता हैं। चुनाव को लेकर सभी प्रमुख उम्मीदवार लगातार मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। 23 अक्टूबर को मतदान होना है, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना होगी।


वहीं, अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच बयानबाजी भी पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक चर्चा का विषय बनी हुई है। दोनों नेताओं की तरफ से एक-दूसरे को लेकर अलग-अलग बयान सामने आए हैं। ऐसे में 17 अक्टूबर को होने वाली यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


अब नजर इस बात पर रहेगी कि माल रोड स्थित आवास पर होने वाली बैठक में अनंत सिंह अपने समर्थकों के सामने क्या संदेश देते हैं और पटना स्नातक सीट के चुनाव को लेकर आगे की क्या रणनीति तय करते हैं। चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे नेताओं की सक्रियता भी बढ़ती जा रही है। ऐसे में अनंत सिंह की यह बैठक चुनावी माहौल में नया मोड़ ला सकती है।