PATNA: छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना के मौके पर बिहार में आस्था और भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है। इस खास अवसर पर राजनीतिक और फिल्मी हस्तियां भी छठ पूजा के रंग में रंगी नजर आ रही हैं। भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने भी छठ महापर्व का व्रत रखा है। उन्होंने लोगों को छठ की शुभकामनाएं देते हुए सभी की सुख-समृद्धि की कामना की।


इसी बीच मोकामा के विधायक अनंत सिंह खरना का प्रसाद ग्रहण करने अक्षरा सिंह के आवास पर पहुंचे। प्रसाद ग्रहण करने के बाद जब वह अपने आवास के लिए रवाना हुए तो मीडिया से भी मुखातिब हुए।


इस दौरान अनंत सिंह ने पत्रकारों को अपनी बेटी की शादी में आने का न्योता दे दिया। उन्होंने कहा कि आप सभी लोग 25 तारीख को बेटी की शादी में जरूर आइएगा। अगर किसी को शादी का कार्ड नहीं मिल पाया है तो इसका बुरा न मानें। शादी में आने के लिए किसी कार्ड की जरूरत नहीं है।


अनंत सिंह ने कहा, "जो भाई का गलती-सलती से कार्ड छूट गया है, ऊ माफ करेंगे। मेरी बेटी की शादी में आने के लिए कोई कार्ड की जरूरत नहीं है। वहां सब आदमी आएंगे।"


छठ महापर्व को लेकर उन्होंने सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं और कामना की कि हर साल इसी तरह धूमधाम और अच्छे माहौल में छठ पूजा होती रहे। अनंत सिंह ने बताया कि वह दो जगहों पर खरना का प्रसाद ग्रहण करने पहुंचे थे।


अनंत सिंह ने कहा कि हम तो कह रहे हैं कि प्रसाद खाने के लिए अक्षरा सिंह के यहां आए थे, प्रसाद खाकर जा रहे हैं। उन्होंने मीडिया से कहा कि आपलोग 25 तारीख को आईएगा। जो भाई का गलती सलती से कार्ड छूट गया है, ऊ माफ करेंगे, मेरी बेटी की शादी में आने के लिए कोई कार्ड का जरूरत नहीं है, कोई सिनेमा है ना कुछ है, वहां सब अदमी आवेंगे, कार्ड का जरूरत नहीं है। छठ को लेकर सब आदमी को धन्यवाद देंगे बढ़िया रहे ऐसी सब दिन छठ करें. दो जगह प्रसाद खाने आए हैं।