Amrit Bharat Express: बिहार के मिथिला और सीमांचल क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। भारतीय रेलवे ने न्यू जलपाईगुड़ी से अमृतसर के बीच नई साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने को मंजूरी दे दी है। यह ट्रेन आधुनिक सुविधाओं और पुश-पुल तकनीक से लैस होगी, जिससे यात्रियों को तेज और आरामदायक सफर मिलेगा। इस फैसले से सीमांचल और मिथिला क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और व्यापार व पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


रेलवे बोर्ड के अनुसार, ट्रेन संख्या 14664/14663 अमृतसर–न्यू जलपाईगुड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन चलेगी। यह ट्रेन अमृतसर से हर गुरुवार दोपहर 12:45 बजे रवाना होकर शनिवार सुबह 04:15 बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन न्यू जलपाईगुड़ी से हर शनिवार सुबह 08:00 बजे चलेगी और सोमवार तड़के 02:20 बजे अमृतसर पहुंचेगी।


यह ट्रेन झंझारपुर, राघोपुर और फारबिसगंज जैसे प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। इसके रूट में लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, सकरी, झंझारपुर, निर्मली, सरायगढ़, राघोपुर, ललितग्राम, नरपतगंज, फारबिसगंज और अररिया जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन शामिल हैं।


यह सेवा ललितग्राम बायपास और अररिया-गलगलिया नव निर्मित रेलखंड से भी होकर गुजरेगी, जिससे सीमांचल और उत्तर बिहार के व्यापारिक व सामाजिक संपर्क और मजबूत होंगे। स्थानीय कारोबारियों ने रेलवे के इस निर्णय का स्वागत करते हुए धन्यवाद दिया है।


अमृत भारत एक्सप्रेस अपनी उच्च गति और आधुनिक कोच सुविधाओं के लिए जानी जाती है। इसके शुरू होने से पंजाब, अमृतसर जाने वाले श्रमिकों, पर्यटकों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी।


पूर्व मध्य रेलवे के डीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने बताया कि जल्द ही इस ट्रेन के नियमित संचालन की तारीख की घोषणा की जाएगी। रेलवे का यह कदम न केवल भौगोलिक दूरी को कम करेगा बल्कि लोगों के बीच सामाजिक और आर्थिक संबंधों को भी मजबूत बनाएगा।