HOLI 2025: बाबा हरिहरनाथ सोनपुर में होली खेले, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव जिस तरह से होली का गीत गाकर रंगों का त्योहार होली मनाते थे ठीक उसी अंदाज में उनके बड़े लाल तेजप्रताप यादव ने होली मनाया। पटना के 26 एम स्टैण्ड रोड में होली रंगोत्सव का आयोजन किया गया था। तेजप्रताप ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ रंग-अबीर के साथ कुर्ता फाड़ होली भी खेली। 


तेजप्रताप यादव हाथ में माइक थामकर कर मंच पर सोफा पर बैठे थे। इस दौरान मंच के नीचे बैठे बुजुर्ग कार्यकर्ता को सम्मान देते हुए सोफा पर बिठाया और जोगिरा गाने लगे। तेजप्रताप ने कहा कि आज हमने कुर्ताफाड़ होली खेलने का काम किया। जिन लोगों का कपड़ा फटा है वो इसे फेकियेंगा नहीं इसे अच्छे से रख दीजिएगा। यह आपको याद दिलाते रहेगा कि तेजप्रताप के साथ आपने होली खेली थी। राजद परिवार की तरफ से आप सभी को बधाई और शुभकामनाएं। 


तेजप्रताप ने कहा कि हमारा होली पहले से ही प्रचलित रहा है। इससे पहले लालू जी कुर्ताफाड़ होली मनाते रहे हैं। इसी रिवाज को जीवित रखने का काम हमने किया है। तेजप्रताप ने कहा कि असली और नकली होली नहीं होता होली होली होता है। तेजप्रताप ने रंगो के त्योहार होली को धूमधाम के साथ अपने कार्यकर्ताओं के साथ मनाया। अपने पिता लालू यादव की तरह ही तेजप्रताप ने अनोखे अंदाज में होली मनाया। 


तेजप्रताप आज होली के रंग में नजर आए। होली मनाने के बाद वो स्कूटी लेकर सीएम आवास की ओर निकल गये। सीएम हाउस के गेट के पास पहुंचकर चिल्लाते हुए कहा कि पलटू चाचा कहां हैं पलटू चाचा..इस मौके पर तेजप्रताप ने कहा कि नीतीश सरकार अपनी अंतिम सांस गिन रही है। आगामी विधाननसभा चुनाव में आरजेडी को भारी बहुमत मिलेगा और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बिहार में सरकार बनेगी।