Bihar News: पश्चिम चंपारण के नौतन प्रखंड के मंगलपुर गुदरिया पंचायत के वार्ड नंबर-1 स्थित ब्रह्म बाबा स्थान के कुंड में गुरुवार को मगरमच्छ दिखाई देने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पानी में मगरमच्छ को तैरते देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग कुंड के पास जुट गए।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार को कुछ लोग कुंड के पास गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैर रहे मगरमच्छ पर पड़ी। मगरमच्छ को देखते ही लोगों ने इसकी सूचना आसपास के ग्रामीणों को दी। कुछ ही देर में इसकी खबर पूरे गांव में जंगल की आग की तरह फैल गई।



सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने मगरमच्छ को पकड़ने के लिए जाल और अन्य संसाधनों की मदद से कई घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने कुंड के अलग-अलग हिस्सों में मगरमच्छ की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।



बताया जा रहा है कि कुंड में पानी की गहराई अधिक होने के कारण मगरमच्छ पानी के भीतर जाकर छिप गया। काफी प्रयास के बाद भी वह वन विभाग की टीम के हाथ नहीं आया। रेस्क्यू अभियान के दौरान मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा रही। मगरमच्छ के नहीं पकड़े जाने से आसपास के लोगों में अब भी दहशत का माहौल है। ग्रामीण कुंड के पास जाने से बच रहे हैं। 



वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि फिलहाल कुंड के पास न जाएं और बच्चों को भी वहां जाने से रोकें। विभाग ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा है कि मगरमच्छ दोबारा दिखाई देने पर तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर उसे पकड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा।

बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट..