WEST CHAMPARAN: पश्चिम चंपारण के वीटीआर जंगल के गोनौली वन क्षेत्र के सखुअनवा गांव में मंगलवार को एक किसान पर भालू ने हमला कर दिया। घायल किसान की पहचान रंजीत उरांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह जंगल से सटे अपने खेत की ओर गए थे, तभी झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक उन पर हमला बोल दिया।
अचानक हुए हमले से किसान घबरा गए और बचाव के लिए जोर-जोर से चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख भालू जंगल की ओर भाग निकला। घटना में किसान के सिर, चेहरे और सीने पर गंभीर चोटें आई हैं। हमले में उनका जबड़ा भी क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरनाटांड़ लाया गया।
जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा रेफर कर दिया गया। पीएचसी के चिकित्सक डॉ. राजेंद्र काजी ने बताया कि किसान की हालत गंभीर है और बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। घटना के बाद जंगल से सटे गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगली जानवरों की निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।