Bihar Police News: पश्चिम चंपारण में 25 लाख रुपये से जुड़े मामले में कर्तव्यहीनता के आरोप में मुफस्सिल थानाध्यक्ष सम्राट सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। चंपारण रेंज के डीआईजी हरकिशोर राय के आदेश के बाद अब इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मुफस्सिल थाने की जिम्मेदारी संभाल रहे कंचन भास्कर ने प्राथमिकी दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार, मामला सुरेंद्र प्रसाद के बेटे की शादी के नाम पर 25 लाख रुपये से जुड़ा है। पीड़ित सुरेंद्र प्रसाद का आरोप था कि वह प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए कई बार मुफस्सिल थाने का चक्कर लगाते रहे, लेकिन उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि सुरेंद्र प्रसाद ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए एसपी कार्यालय का भी चक्कर लगाया। आरोप है कि एसपी कार्यालय की ओर से प्राथमिकी दर्ज करने के लिए थानाध्यक्ष को 5 बार आदेश दिया गया, लेकिन इसके बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई।
इसके बाद पीड़ित ने चंपारण रेंज के डीआईजी हरकिशोर राय से शिकायत की। मामले को संज्ञान में लेते हुए डीआईजी ने थानाध्यक्ष सम्राट सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।थानाध्यक्ष के निलंबन के बाद मुफस्सिल थाने की कमान कंचन भास्कर को सौंपी गई। डीआईजी हरकिशोर राय के आदेश के बाद कंचन भास्कर ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अब पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी।
बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट..