WEST CHAMPARAN: पश्चिम चंपारण में बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं को लेकर समाहरणालय परिसर में अपने ही सरकार के खिलाफ धरना पर बैठे भाजपा के लौरिया विधायक विनय बिहारी के समर्थन में चनपटिया के कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन उतर गये।
उन्होंने बीजेपी विधायक विनय बिहारी से मुलाकात कर बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं और राहत व्यवस्था को लेकर चर्चा की। इस बात की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विनय बिहारी को तुरंत फोन लगाया। फोन पर बातचीत के दौरान मिले आश्वासन के बाद बीजेपी विधायक विनय बिहारी ने धरना समाप्त किया।
बता दें कि धरना के दौरान विधायक विनय बिहारी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने और राहत व्यवस्था को लेकर बातचीत करने की मांग पर अड़े हुए थे। इसी बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से फोन पर बातचीत कर कल आने का आश्वासन मिलने के बाद विधायक विनय बिहारी ने अपना धरना समाप्त किया।
धरना समाप्त होने के बाद विधायक विनय बिहारी ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को पर्याप्त पॉलिथीन, राशन और अन्य जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज करने की मांग की।
बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट