बगहा: नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश का असर बिहार की नदियों पर भी दिखने लगा है। गंडक, कोसी और बागमती नदियों के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई है। वहीं, वाल्मीकिनगर गंडक बराज से पानी के डिस्चार्ज में भी काफी बढ़ोतरी हुई है। इसके बाद निचले इलाकों में एक बार फिर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
नेपाल के तराई इलाकों में लगातार हो रही बारिश के बाद वाल्मीकिनगर गंडक बराज समेत गंडक नदी के निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। नेपाल में भारी बारिश के चलते एक बार फिर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। वाल्मीकिनगर गंडक बराज पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। फिलहाल गंडक नदी में तीन लाख चौबीस हजार क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज हो रहा है।
वाल्मीकिनगर गंडक बराज से 3 लाख 24 हजार 800 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है। जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए जल संसाधन विभाग अलर्ट मोड पर है और स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर को वाल्मीकिनगर गंडक बराज से करीब 57 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया था, जो बढ़कर 3,24,800 क्यूसेक हो गया है। वहीं, नेपाल के देवा घाट से करीब 3.96 लाख क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज हुआ है।
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए वाल्मीकिनगर गंडक बराज के सभी फाटकों को खोल दिया गया है। प्रशासन और जल संसाधन विभाग की टीमें नदी के जलस्तर और आसपास के इलाकों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। नेपाल में जारी भारी बारिश का असर भारत-नेपाल सीमा से सटे बिहार के इलाकों में भी देखने को मिल रहा है।
लगातार बारिश के कारण गंडक नदी के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इससे नदी के तटीय और निचले इलाकों में जलजमाव के साथ बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन की ओर से संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और लोगों को नदी के आसपास जाने से सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
Gandak Barrage Valmikinagar
Date- 26/09/2026. Time-09:00 PM
Barrage U/S Discharge- 3,24,800cusec
Barrage U/S level- 360.00ft
Barrage D/S level- 358.30ft
E.M.C- Nil cusec
M.W.C- Nil cusec
D/S Discharge- 3,24,800cusecs(R)
Devghat (Nepal) discharge at 08:15PM 3,96,000.00 cusecs
trend (F)