Russia Job Fraud: बिहार के चार युवकों को रूस में नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर करीब 9 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि एजेंट ने सिलाई का काम दिलाने और हर महीने 60 से 70 हजार रुपये वेतन देने का भरोसा देकर चारों युवकों को मॉस्को भेज दिया. लेकिन रूस पहुंचने के बाद न उन्हें नौकरी मिली और न ही रहने का कोई इंतजाम हुआ. तीन युवक किसी तरह घर लौट आए, जबकि एक युवक अब भी मॉस्को में फंसा हुआ है.
मामला पश्चिम चंपारण के शिकारपुर थाना क्षेत्र के मंगरहरी बैरिया गांव निवासी एजेंट मुन्ना महतो से जुड़ा है. आरोप है कि उसने पूर्वी चंपारण के आदापुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया खुर्द निवासी रंजीत महतो, इमाम हुसैन, सयामुल हक और राकेश कुमार को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था. एजेंट की बातों में आकर चारों युवकों ने कर्ज लेकर रुपये जुटाए और रूस जाने के लिए तैयार हो गए.
तीन साल तक नौकरी और 70 हजार वेतन का दिया था भरोसा
पीड़ित रंजीत महतो और राकेश कुमार के अनुसार, एजेंट ने उन्हें रूस में तीन साल तक सिलाई का काम दिलाने की बात कही थी. इसके लिए हर महीने 60 से 70 हजार रुपये वेतन मिलने का भरोसा दिया गया था. एजेंट ने प्रत्येक युवक से तत्काल 1 लाख 60 हजार रुपये देने और 40 हजार रुपये अपने पास लेकर जाने को कहा था.
युवकों ने किसी तरह कर्ज लेकर एजेंट को पैसे दे दिए. आरोप है कि एजेंट ने उन्हें वर्क वीजा की जगह टूरिस्ट वीजा दे दिया. जब युवकों ने इस पर सवाल किया तो उसने भरोसा दिलाया कि रूस पहुंचने के बाद कंपनी का आदमी मिलेगा और वीजा भी ठीक करा दिया जाएगा.
25 जुलाई को मॉस्को पहुंचे
चारों युवक 25 जुलाई को दिल्ली से मॉस्को पहुंचे. वहां एयरपोर्ट पर सुबह से शाम तक इंतजार करने के बावजूद उन्हें लेने के लिए कंपनी का कोई व्यक्ति नहीं पहुंचा. करीब छह घंटे तक भूखे-प्यासे भटकने के बाद युवकों ने एजेंट से संपर्क किया.
इसके बाद एजेंट ने एक टैक्सी भेजी, लेकिन टैक्सी चालक ने उनसे 10 हजार रुपये ले लिए और उन्हें दोबारा एयरपोर्ट पर छोड़ दिया. नौकरी और रहने की व्यवस्था के नाम पर रूस पहुंचे युवकों की परेशानी लगातार बढ़ती गई. आखिरकार तीन युवकों ने घरवालों से पैसे मंगवाए और किसी तरह भारत लौट आए.
इस पूरे मामले में सबसे परेशान करने वाली स्थिति सयामुल हक की है. उसके साथियों ने उसे भी किसी तरह भारत लौटने के लिए कहा, लेकिन उसने कर्ज का हवाला देते हुए वापस आने से इनकार कर दिया.
साथियों के मुताबिक, सयामुल का कहना है कि इतना कर्ज लेकर वापस लौटने से अच्छा है कि वह वहीं रह जाए. उसने कहा, ‘कर्ज लेकर लौटने से अच्छा यहीं मर जाना.’ फिलहाल सयामुल मॉस्को में फंसा हुआ है और उसकी स्थिति को लेकर परिजन चिंतित हैं.
इधर, पीड़ित युवकों का आरोप है कि मुन्ना महतो ने रुपये लेने के बाद उनसे ठीक से बात करना भी बंद कर दिया है. नौकरी नहीं मिलने और विदेश में परेशानी झेलने के बाद तीनों युवकों ने शिकारपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है.
पीड़ितों ने पुलिस से एजेंट के खिलाफ कार्रवाई करने और ठगी की रकम वापस दिलाने की मांग की है. पुलिस शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुटी है.