WEST CHAMPARAN: बेतिया शहर के सुप्रिया रोड स्थित सेंको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में हथियारबंद अपराधियों द्वारा करोड़ों रुपये के आभूषण लूटे जाने की घटना से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। खास बात यह है कि जिस शोरूम में लूट की वारदात हुई, वह पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी के आवास के पास स्थित है। घटना की जानकारी मिलने के बाद रेणु देवी भी मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली।
इस दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने कहा कि यह बेतिया के लिए पहली ऐसी घटना है। शहर के बीचोंबीच इस तरह की वारदात होना गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में कोई अपराधी नहीं बच सकता, चाहे वह कितना भी बड़ा अपराधी क्यों न हो। पुलिस अपराधियों को ढूंढ निकालेगी और उनके खिलाफ कार्रवाई जरूर होगी।
उन्होंने भरोसा जताया कि इस मामले में पुलिस गंभीरता से कार्रवाई करेगी और घटना में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
गौरतलब है कि बुधवार को सुप्रिया रोड स्थित सेंको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में तीन बाइकों पर सवार होकर करीब आठ हथियारबंद अपराधी पहुंचे थे। अपराधियों ने शोरूम में घुसते ही कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया। सभी के हाथ बांधकर मोबाइल फोन छीन लिए और इसके बाद शोरूम में रखे कीमती आभूषण लूटकर फरार हो गए।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, लूटे गए आभूषणों की कीमत करीब 30 से 40 करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद डीआईजी हरकिशोर राय, एसएसपी कुमार गौतम और डीएसपी अजीत कुमार समेत कई थानों की पुलिस जांच में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
बेतिया से संतोष की रिपोर्ट