Bihar Crime News: पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में दीपावली की रात शुरू हुआ विवाद अब दो गांवों के बीच तनाव की वजह बन गया है. साठी थाना क्षेत्र के बसंतपुर और सिंहपुर गांव के लोग मंगलवार को आमने-सामने आ गए. दोनों गांवों के लोगों के बीच बढ़ते तनाव और टकराव की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है. फिलहाल दोनों गांवों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है.


जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत दीपावली की रात सिंहपुर गांव में हुई थी. यहां बसंतपुर के कुछ युवकों और सिंहपुर के युवकों के बीच किसी बात को लेकर हाथापाई हो गई थी. इसके बाद सोमवार को भी सिंहपुर गांव में बसंतपुर के कुछ युवकों के साथ मारपीट की गई. लगातार दो दिनों तक हुई इन घटनाओं से दोनों गांवों के बीच तनाव बढ़ने लगा.


मामले की जानकारी मिलने पर साठी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को शांत कराया. हालांकि, इसके बाद भी दोनों पक्षों के बीच विवाद थमा नहीं. इसी दौरान बसंतपुर के लोगों ने रास्ते से गुजर रहे सिंहपुर के कुछ युवकों की पिटाई कर दी. इस घटना के बाद दोनों गांवों के बीच तनाव और बढ़ गया.


मंगलवार को आमने-सामने आए दोनों गांवों के लोग

मंगलवार को विवाद की खबर फैलते ही दोनों गांवों के बड़ी संख्या में लोग जुटने लगे. देखते ही देखते स्थिति गंभीर होने लगी और दोनों तरफ के लोग आमने-सामने आ गए. हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया.


मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी एसडीपीओ अतुल दत्ता खुद गांव पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. जिला मुख्यालय से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है. फिलहाल बसंतपुर में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और दोनों गांवों में लगातार निगरानी रखी जा रही है. प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस बल को अलर्ट रखा गया है.