WEST CHAMPARAN: पश्चिम चंपारण के मझौलिया थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-5 में घर के बाहर खेल रही दो वर्षीय बच्ची अचानक गायब हो गई। बच्ची के लापता होने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश के बाद भी बच्ची का पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने मझौलिया थाने में लिखित शिकायत देकर बच्ची की बरामदगी की गुहार लगाई।
लापता बच्ची की पहचान वार्ड संख्या-5 निवासी हसीब खान की दो वर्षीय पुत्री अनाया खातून के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक गायब हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
मामले में उस समय नया मोड़ आया, जब सामने आए सीसीटीवी फुटेज में एक महिला बच्ची को लेकर जाती हुई दिखाई दी। परिजनों ने फुटेज में दिखाई दे रही महिला की पहचान मझौलिया गांव निवासी अमरूल खान की पुत्री सबीना उर्फ सुमी खातून के रूप में किए जाने का दावा किया है। हालांकि, पुलिस सीसीटीवी फुटेज और महिला की भूमिका समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।
शिकायत के बाद पुलिस ने सबीना उर्फ सुमी खातून, उसकी मां और उसके बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बच्ची के गायब होने की सूचना फैलते ही बुधवार सुबह 100 से अधिक महिला-पुरुष ग्रामीण मझौलिया थाने पहुंच गए। ग्रामीणों ने पुलिस से बच्ची को जल्द बरामद करने की मांग की।
थाना प्रभारी अमर कुमार ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और बच्ची की बरामदगी के लिए प्रयास जारी है।
बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट