Bihar News: पश्चिम चंपारण के बगहा में नवरात्रि के पहले दिन बड़ा और दर्दनाक हादसा हुआ है। रामनगर के खटौरी गांव के समीप दोन कैनाल में कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की ट्रॉली 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आ गई। हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक बच्चे झुलस गए। घायलों को रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।



बताया जा रहा है कि भैरोगंज थाना क्षेत्र के ससराव गांव से ग्रामीण मंदिर में कलश स्थापना को लेकर कलश  शोभा यात्रा निकालकर दोन कैनाल पहुंचे थे। इसी दौरान ट्रॉली पर खड़ा एक बच्चा हाथ में झंडा लिए हुए था। झंडा ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आ गया, जिसके बाद ट्रॉली पर सवार अन्य बच्चे भी करंट की चपेट में आ गए।



हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक झुलसे बच्चों को इलाज के लिए रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। रामनगर एसडीपीओ सत्येंद्र राम ने बताया कि बिजली की चपेट में आने से एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हुए हैं, जबकि दो बच्चों की मौत हुई है।



घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि दो गांवों को जोड़ने वाले इस रास्ते पर 11 हजार वोल्ट का बिजली तार काफी नीचे लटक रहा था, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।