बेतिया: नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की स्थिति के बाद बिहार में गंडक नदी को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया है। संभावित खतरे को देखते हुए पश्चिम चंपारण समेत गंडक नदी से जुड़े जिलों में प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।


मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने उच्चस्तरीय बैठक कर संभावित स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को राहत एवं बचाव से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने का निर्देश दिया। बताया जा रहा है कि गंडक नदी में करीब 3 मीटर ऊंची फ्लैश फ्लड वेव आने की आशंका है।


बेतिया में NDRF की तैनाती की तैयारी

संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए बेतिया में NDRF टीम की तैनाती की तैयारी की जा रही है। प्रशासन की ओर से टीम की तैनाती करीब दो घंटे के भीतर सुनिश्चित करने की कार्रवाई चल रही है।


इसके साथ ही अधिकारियों को पर्याप्त संख्या में नावों की व्यवस्था, राहत शिविर और सामुदायिक रसोई तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए निकासी योजना भी तैयार रखने को कहा गया है।


अफवाहों से बचने की अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और बाढ़ से संबंधित जानकारी के लिए केवल प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।


गंडक नदी के जलस्तर और संभावित फ्लैश फ्लड की स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है। राहत और बचाव दलों को भी जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रखा जा रहा है।


Gandak Barrage Valmikinagar

Date- 26/08/2026. Time-10:00 PM

Barrage U/S Discharge- 1,42,100 cusecs

Barrage U/S level- 354.90 ft

Barrage D/S level-  352.30 ft

E.M.C-   Nil

M.W.C-  Nil

D/S Discharge-  1,42,100 cusecs(R)