Bihar Crime News: पश्चिम चंपारण जिले के चौतरवा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां दहेज प्रताड़ना से तंग एक विवाहिता ने अपनी जान बचाने के लिए पिता को फोन कर मदद की गुहार लगाई, लेकिन कुछ ही देर बाद उसका मोबाइल बंद हो गया. जब परिजन ससुराल पहुंचे तो बेटी का कहीं पता नहीं था. बाद में पुलिस ने गंडक नदी किनारे झाड़ियों से उसका शव बरामद किया. मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या कर शव छिपाने का गंभीर आरोप लगाया है.
मृतका की पहचान पतिलार पंचायत के दुसाधि पट्टी गांव निवासी मुकेश यादव की 25 वर्षीय पत्नी प्रमिला देवी के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. सूचना मिलते ही चौतरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
मृतका के पिता कन्हैया यादव, जो लौरिया थाना क्षेत्र के मांगुराहा गांव के रहने वाले हैं, ने बताया कि शनिवार सुबह करीब पांच बजे उनकी बेटी का फोन आया था. वह रोते हुए कह रही थी, “पापा मुझे बचा लीजिए, ससुराल वाले मुझे बेरहमी से पीट रहे हैं, ये लोग मुझे मार डालेंगे.” इसके कुछ ही देर बाद फोन कट गया और मोबाइल स्विच ऑफ हो गया. अनहोनी की आशंका से घबराए परिजन तुरंत बेटी के ससुराल पहुंचे, लेकिन तब तक वह वहां नहीं मिली.
सूचना मिलने पर पुलिस भी गांव पहुंची और छानबीन शुरू की. काफी देर तक तलाश के बाद गंडक नदी किनारे झाड़ियों में छिपाया गया प्रमिला देवी का शव बरामद हुआ. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध मौत का प्रतीत होने पर पुलिस ने सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है.
मायके पक्ष का आरोप है कि वर्ष 2020 में प्रमिला की शादी मुकेश यादव से हुई थी. शादी के बाद से ही दहेज को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था. कई बार समझौते की कोशिश भी हुई, लेकिन ससुराल वालों का व्यवहार नहीं बदला. परिजनों का कहना है कि आखिरकार दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी हत्या कर दी गई और सबूत मिटाने के इरादे से शव को नदी किनारे झाड़ियों में छिपा दिया गया.
इस मामले में मृतका के पिता ने पति मुकेश यादव सहित मैना देवी, राधा यादव, बबीता देवी, राजेश यादव और सुकई यादव समेत अन्य ससुराल वालों के खिलाफ चौतरवा थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
बताया जा रहा है कि प्रमिला का पति रोजी-रोटी के सिलसिले में बिहार से बाहर रहता था. प्रमिला अपने पीछे चार वर्ष और छह माह की दो मासूम बेटियों को छोड़ गई है. मां की मौत के बाद दोनों बच्चियों के सिर से हमेशा के लिए ममता का साया उठ गया. वहीं, घटना के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा है और गांव में भी शोक का माहौल है.