BAGAHA : छठ महापर्व के दौरान एक महिला व्रती के मौत की खबर सामने आई है. बगहा के रामपुर में भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए छठ घाट पर पहुंची व्रती की तबीयत अचानक से बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ी. घटना के थोड़ी ही देर बाद उसने दम तोड़ दिया.


जिस महिला व्रती की मौत हुई उसकी पहचान रामपुर पंचायत के मलाही टोला के रहने वाले बंसी नाथ साह की पत्नी के रूप में हुई है. बंसी नाथ साह की पत्नी सीता देवी अपने बेटे के निधन से दुखी चल रही थी. 5 महीने पहले उनके एक बेटे की मौत हो गई थी. स्थानीय लोगों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के सिसवा स्टेशन पर ट्रेन से गिरकर सीता देवी के सबसे छोटे बेटे सुनील की मौत हो गई थी. अपने बेटे की मौत का गम सीता देवी को था. दिवाली का त्यौहार भी सीता देवी ने जैसे तैसे मनाया. छठ व्रत करना जरूरी था इसलिए वह पूजा कर रही थी. लेकिन छठ घाट पहुंचने के बाद भी वह अपने बेटे को याद कर रोने लगी. इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई.


आसपास के लोगों के मुताबिक अपने बेटे सुनील को याद करते हुए छठ घाट पर सीता देवी रोने लगी थी. 25 साल के सुनील की शादी हो चुकी थी और उसके 3 बच्चे भी हैं. सीता देवी का परिवार भरा पूरा था. उन्हें तीन बेटे थे. लेकिन अपने सबसे छोटे बेटे की मौत का गम वह बर्दाश्त नहीं कर पाई और छठ पूजा करने के दौरान ही उन्होंने सदमे में दम तोड़ दिया.