Bihar Flood News: चंपारण तटबंध के तीन स्थानों पर टूटने के बाद सांसद पप्पू यादव ने सरकार पर हमला बोला है। पप्पू यादव ने बगहा में क्षतिग्रस्त तटबंध का निरीक्षण कर दोषी अभियंताओं और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है । उन्होंने कहा कि हर साल एंटी एरोजन और फ्लड फाइटिंग के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च होते हैं, फिर भी बांध सुरक्षित नहीं रह पाता।
पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि 2024 के बाद अब 2026 में भी तटबंध टूटने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि वाल्मीकिनगर, बगहा और आसपास का इलाका हर साल बाढ़ के खतरे में रहता है और हजारों एकड़ फसल प्रभावित होती है। सांसद ने तटबंधों पर गाइड बांध और ठोकर निर्माण के साथ नदी में जमा गाद की समस्या पर भी काम करने की मांग की।
उन्होंने बाढ़ राहत, नाव, मेडिकल सुविधा और कम्युनिटी किचन की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। पप्पू यादव ने 2024 और 2026 में तटबंध टूटने की उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने वाल्मीकिनगर और बगहा क्षेत्र को राष्ट्रीय आपदा क्षेत्र घोषित करने, किसानों का पांच साल का ऋण माफ करने और नुकसान का मुआवजा देने की मांग की। पप्पू यादव ने कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान का ड्रोन और एआई के जरिए सर्वे कराकर पीड़ितों को तत्काल राहत और क्षतिपूर्ति दी जाए।