Bihar Crime News: बेतिया के बैरिया थाना क्षेत्र के हाट सरैया में बाइक की चाबी को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई पर चाकू से हमला कर दिया. चाकू गले पर लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजन उसे इलाज के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है.


मृतक की पहचान हाट सरैया वार्ड संख्या-2 निवासी इब्राहिम मियां (18) के रूप में हुई है. घटना गुरुवार सुबह करीब 8:45 बजे की बताई जा रही है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.


चाबी नहीं मिलने पर दोनों भाइयों में हुआ विवाद

मृतक की मां मुमताज खातून ने बताया कि इब्राहिम बाइक रिपेयरिंग का काम करता था. वह चार भाइयों और एक बहन में तीसरे नंबर पर था. बुधवार को उसका बड़ा भाई असलम मियां अपनी पत्नी के आधार कार्ड में सुधार कराने के लिए पिता से बाइक मांगकर ले गया था.


बताया गया कि वापस लौटने के बाद असलम ने बाइक खड़ी कर दी, लेकिन चाबी कहीं रख दी. गुरुवार सुबह इब्राहिम को बाइक की जरूरत थी. उसने बाइक की चाबी के बारे में पूछा और दोनों भाइयों के बीच विवाद शुरू हो गया.


गले पर चाकू से किया वार

विवाद बढ़ने के बाद असलम मियां ने चाकू से इब्राहिम के गले पर वार कर दिया. हमले में इब्राहिम के गले से अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा. परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.


अस्पताल परिसर से आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलने के बाद अस्पताल की नाका पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी असलम मियां को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.


सदर-2 एसडीपीओ रजनीश कांत प्रियदर्शी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है.