Bihar News: पश्चिम चंपारण के बगहा बाजार में नवरात्र के दौरान मां दुर्गा की डोली शोभायात्रा में अचानक उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक पागल कुत्ते ने लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया. देखते ही देखते कुत्ते ने 50 से अधिक लोगों को काटकर घायल कर दिया. घायलों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं. घटना के बाद बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग कुत्ते से बचने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए.
बताया जा रहा है कि नवरात्र को लेकर बगहा बाजार में मां दुर्गा के सातवें स्वरूप की पूजा के लिए डोली शोभायात्रा निकाली गई थी. शोभायात्रा रामधाम मंदिर से सिनेमा चौक होते हुए लक्ष्मी चौक की ओर जा रही थी. इसी दौरान एक कुत्ते ने अचानक लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया.
कुत्ते के अचानक हमलावर होने से शोभायात्रा में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मच गया. कुत्ता रास्ते में आने वाले लोगों को काटता चला गया. रामधाम मंदिर से लेकर सिनेमा चौक और लक्ष्मी चौक तक कई लोग उसके हमले का शिकार हुए.
कुत्ते के काटने से घायल लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से वहां भी काफी भीड़ जुट गई. चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू किया.
कार्यरत चिकित्सक डॉ. पुष्पराज ने बताया कि कुत्ते के हमले में घायल पांच लोगों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच, बेतिया रेफर किया गया है. अन्य घायलों का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में किया गया.
कुत्ते के हमले के बाद अनुमंडलीय अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने की बात भी सामने आई. इसके चलते घायलों और उनके परिजनों को जरूरी इंजेक्शन निजी दुकानों से खरीदना पड़ा.
एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के कुत्ते के काटने से घायल होने के बाद अस्पताल में इलाज को लेकर भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं, घटना के बाद बगहा बाजार में आवारा कुत्तों के आतंक को लेकर लोगों में डर बना हुआ है.