Bihar Crime News: बेतिया शहर में बुधवार तड़के घर में सो रही 55 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई. कालीबाग थाना क्षेत्र के हरिहरनगर वार्ड-5 स्थित नोनिया टोली में हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मामले में छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.


मृतका की पहचान बच्ची देवी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, बुधवार अहले सुबह करीब 4 बजे घर की बड़ी बहू अंजू देवी ने अपनी देवरानी पूजा देवी और सुमन कुमारी को जगाया और बताया कि बच्ची देवी के साथ कुछ अनहोनी हुई है. इसके बाद परिजन उनके कमरे में पहुंचे तो वह बिस्तर पर मृत पड़ी थीं.


चेहरे पर रखा था कपड़ा, गले पर मिले धारदार हथियार के निशान

परिजनों ने बताया कि बच्ची देवी के चेहरे पर कपड़ा रखा हुआ था. कपड़ा हटाने पर उनके गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान मिले. उनके बाएं हाथ की दो उंगलियां कटी हुई थीं, जिन्हें सिर के पास रखा गया था. दाएं हाथ पर भी धारदार हथियार से जख्म के निशान मिले.


घटना की जानकारी मिलते ही कालीबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया. टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ शुरू करने के साथ घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है.


3 महीने पहले मोबाइल चोरी के बाद लगाए थे कैमरे

परिजनों के अनुसार, करीब तीन महीने पहले घर में मोबाइल चोरी की घटना हुई थी. इसके बाद सुरक्षा के लिए घर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए घटना से जुड़े लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है.


दो मंजिला मकान में अलग-अलग कमरों में सो रहे थे परिजन

बताया गया कि बच्ची देवी के पति की करीब तीन साल पहले मौत हो चुकी है. उनका दो मंजिला मकान है, जिसमें पांच कमरे हैं. परिवार के अन्य सदस्य रात में अलग-अलग कमरों में सो रहे थे. इसी दौरान बच्ची देवी की हत्या कर दी गई.


हत्या की वजह अभी साफ नहीं

महिला की हत्या किस वजह से की गई और वारदात में कितने लोग शामिल थे, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस हिरासत में लिए गए छह लोगों से पूछताछ कर रही है. साथ ही सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है.


एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि हरिहरनगर वार्ड-5 में महिला की हत्या की सूचना मिली थी. एफएसएल और पुलिस टीम घटनास्थल की जांच कर रही है. मामले में छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.