BETTIAH: होल्डर में बल्ब लगाने के दौरान बिहार में एक महिला की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गयी। मां को बचाने के लिए दौड़ी बेटी भी करंट की चपेट में आ गयी, लेकिन किसी तरह उसकी जान बाल-बाल बच पाई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आगे की कार्रवाई शुरू की। 


घटना बेतिया के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पूर्वी करगहिया गांव की है, जहां एक दर्दनाक हादसे में महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। मृतका की पहचान पूर्वी करगहिया निवासी राजू साह की पत्नी रंजू देवी के रूप में हुई है।


मिली जानकारी के अनुसार, रंजू देवी अपने घर में बिजली के बोर्ड में लगे होल्डर में बल्ब लगा रही थीं। इसी दौरान अचानक तेज करंट का झटका लगा और वह गंभीर रूप से झुलस गईं। मां को तड़पता देख उनकी बेटी निशा कुमारी बचाने दौड़ी, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गई। हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता से किसी तरह बच्ची को बचा लिया गया।


घटना के बाद आनन-फानन में परिजनों और ग्रामीणों ने रंजू देवी को इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पति राजू साह, जो मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, का रो-रोकर बुरा हाल है। वही सूचना पर मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच अस्पताल भेज दिया।

बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट