WEST CHAMPARAN: पश्चिम चंपारण के बेतिया शहर में अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की अब तक की बड़ी वारदातों में से एक को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी है। कालीबाग थाना क्षेत्र के सुप्रिया रोड स्थित एनएच-727 के किनारे सेंको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में तीन बाइकों पर सवार होकर पहुंचे करीब आठ हथियारबंद अपराधियों ने करोड़ों रुपये के आभूषण लूट लिए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, लूटे गए गहनों की कीमत करीब 30 से 40 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। हालांकि, लूट की वास्तविक कीमत का आधिकारिक आकलन अभी नहीं हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधी हथियारों से लैस होकर शोरूम में दाखिल हुए। अंदर घुसते ही उन्होंने कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियारों के बल पर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद सभी के हाथ बांध दिए और मोबाइल फोन छीन लिए। अपराधियों ने सभी लोगों को एक जगह बैठा दिया, ताकि कोई विरोध नहीं कर सके और बाहर किसी को सूचना भी नहीं दे सके।
इसके बाद बदमाशों ने बेखौफ होकर शोरूम में रखे कीमती सोने, हीरे और अन्य आभूषणों को समेटना शुरू कर दिया। शोरूम में मौजूद महिलाओं के अनुसार, सभी अपराधियों के हाथों में हथियार थे। इस दौरान विरोध करने पर दो लोगों के सिर पर हथियार की बट से वार किए जाने की भी बात सामने आई है। इससे शोरूम में मौजूद लोगों के बीच दहशत फैल गई।
हम फिर आएंगे, यह एक फिल्म है
इस पूरी वारदात का सबसे चौंकाने वाला पहलू अपराधियों की कथित धमकी रही। शोरूम में मौजूद एक महिला के अनुसार, जाते-जाते अपराधियों ने कहा, 'हम फिर आएंगे, यह एक फिल्म है।' अपराधियों के इस कथित बयान ने घटना को और सनसनीखेज बना दिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी तीन बाइकों से फरार हो गए।
DIG और SSP समेत कई थानों की पुलिस पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। चंपारण रेंज के डीआईजी हर किशोर राय, एसएसपी कुमार गौतम और डीएसपी अजीत कुमार समेत कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने इलाके की नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी है। शोरूम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं।
शहर के बीचोंबीच और एनएच-727 के किनारे स्थित प्रतिष्ठित ज्वेलरी शोरूम में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर आठ हथियारबंद अपराधियों ने इतनी बड़ी लूट की योजना कैसे बनाई? उन्हें शोरूम की गतिविधियों की जानकारी किसने दी और वारदात के बाद वे पुलिस की घेराबंदी से कैसे बच निकले? फिलहाल इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। शुरुआती तौर पर इसे बेतिया के इतिहास की सबसे बड़ी लूट की घटनाओं में से एक माना जा रहा है।