WEST CHAMPARAN: बेतिया शहर के सुप्रिया सिनेमा रोड स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में हुई करोड़ों रुपये की लूट की घटना का पूरे घटनाक्रम से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। दिनदहाड़े हुई इस बड़ी वारदात ने पूरे बेतिया शहर में सनसनी फैला दी है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, तीन बाइकों पर सवार होकर करीब आठ हथियारबंद अपराधी शोरूम पहुंचे थे। अपराधियों ने हथियारों के बल पर कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बनाकर लूटपाट की। लूटे गए आभूषणों की कीमत करीब 30 से 40 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जाता है कि शोरूम में घुसते ही अपराधियों ने वहां मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियार दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद सभी के हाथ ऊपर करा दिया और मोबाइल फोन छीन लिए। अपराधियों ने सभी लोगों को एक जगह बैठा दिया, ताकि कोई विरोध नहीं कर सके और न ही किसी को मदद के लिए फोन करने का मौका मिले। इसके बाद बदमाशों ने शोरूम में रखे कीमती सोने, हीरे और अन्य आभूषणों को समेटना शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी अपराधियों के हाथों में हथियार थे। विरोध करने पर दो लोगों के सिर पर बंदूक की बट से वार कर उन्हें घायल भी किया गया। शोरूम में मौजूद एक महिला के अनुसार, जाते-जाते अपराधियों ने कथित तौर पर कहा, 'हम फिर आएंगे, यह एक फिल्म है।' इसके बाद सभी अपराधी तीन बाइकों से फरार हो गए।
पूर्व उपमुख्यमंत्री के आवास के पास हुई वारदात
घटना की गंभीरता इसलिए भी अधिक है कि शोरूम पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी के आवास के पास स्थित है। घटना की जानकारी मिलने पर रेणु देवी मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह बेतिया के लिए पहली ऐसी घटना है। हमारी सरकार में कोई अपराधी नहीं बच सकता, चाहे वह कोई भी हो। पुलिस अपराधियों को ढूंढ निकालेगी और उनके खिलाफ कार्रवाई जरूर होगी।
कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन ने बताया जंगलराज
चनपटिया के कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन ने घटना को लेकर सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे जंगलराज जैसी स्थिति बताया। उन्होंने कहा कि पूर्व उपमुख्यमंत्री के आवास के बगल और एक जदयू नेता के प्रतिष्ठान में अपराधी बेखौफ होकर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इससे अपराधियों के बढ़े मनोबल का पता चलता है।
उन्होंने कहा कि सुप्रिया रोड बेतिया का प्रमुख मार्ग और व्यावसायिक गतिविधियों का केंद्र है। यहां कई बड़े ज्वेलरी शोरूम हैं और करोड़ों का कारोबार होता है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। उन्होंने तत्काल पुलिस पिकेट स्थापित करने के साथ ही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ब्रेकर और जेब्रा क्रॉसिंग बनाने की मांग की।
DIG और SSP के नेतृत्व में जांच
घटना के बाद चंपारण रेंज के डीआईजी हरकिशोर राय, एसएसपी कुमार गौतम और डीएसपी अजीत कुमार समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। जिले के विभिन्न मार्गों पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है। शहर से सटे बैरिया थाना क्षेत्र के संतघाट हाट सरैया चौक पर एसआई दीपक कुमार दुबे के नेतृत्व में वाहनों की सघन जांच की गई।
फिलहाल पुलिस की विशेष टीमें अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बेतिया से संतोष की रिपोर्ट
बिहार में अब तक की सबसे बड़ी लूट! बेतिया में सेंको गोल्ड शोरूम से 30-40 करोड़ के गहने अपराधियों ने लूटे,CCTV फुटेज आया सामने। #Bettiah #SencoGold #GoldRobbery #BiharCrime #BiharPolice #BiharNews #BreakingNews #GoldLoot #FirstBiharJharkhand https://t.co/P1WAx2SyJw
— FirstBiharJharkhand (@firstbiharnews) November 18, 2026