Bihar News: बिहार के बेतिया जिले से सरकारी स्कूलों की व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। नरकटियागंज प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कटघरवा में जांच के दौरान ऐसी लापरवाही उजागर हुई, जिसने शिक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था की पोल खोल दी। विद्यालय में एक शिक्षिका की उपस्थिति रजिस्टर में दर्ज थी, लेकिन जब प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) मौके पर पहुंचे तो शिक्षिका स्कूल से गायब मिलीं।
जानकारी के मुताबिक, ग्रामीणों की लगातार शिकायत के बाद बीईओ राजेश कुमार विद्यालय जांच के लिए पहुंचे थे। जांच के दौरान पता चला कि शिक्षिका शहनाज प्रवीण ने स्कूल पहुंचकर अपनी हाजिरी तो बना ली थी, लेकिन इसके बाद वह विद्यालय में मौजूद नहीं थीं। इस खुलासे के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह कोई नया मामला नहीं है, बल्कि लंबे समय से यही खेल चल रहा है। उनका कहना है कि शिक्षिका रोजाना स्कूल आकर पहले हाजिरी दर्ज करती हैं और फिर कुछ देर बाद विद्यालय छोड़कर चली जाती हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है और कक्षाएं नियमित रूप से नहीं चल पा रही हैं।
विद्यालय के प्रधान शिक्षक राजन श्रीवास्तव ने भी मामले को गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि कई बार शिक्षिका की अनुपस्थिति को लेकर सवाल उठाए गए और हाजिरी काटने की कोशिश भी हुई, लेकिन हर बार विवाद की स्थिति बन जाती थी। आरोप है कि शिक्षिका के पति स्कूल पहुंचकर हंगामा करते थे और दबाव बनाते थे, जिससे स्कूल का माहौल खराब होता रहा।
जांच के दौरान बीईओ ने ई-शिक्षाकोष पोर्टल की भी समीक्षा की। इसमें कई दिनों तक देर से उपस्थिति दर्ज होने की बात सामने आई। पूरे मामले को गंभीर मानते हुए बीईओ ने जांच रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी है और विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की है।