Vigilance Raid Bihar: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी का एक्शन लगातार जारी है। जाता मामला पश्चिम चंपारण के बेतिया से सामने आया है, जहां निरगानी की टीम ने अंचल कार्यालय के RTPS काउंटर पर तैनात क्लर्क को 15 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। निगरानी के इस एक्शन के बाद अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया है।


दरअसल, बेतिया अंचल कार्यालय के RTPS काउंटर पर कार्यरत क्लर्क राजकुमार मिश्रा को निगरानी विभाग की टीम ने 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार क्लर्क चनपटिया थाना क्षेत्र के पकड़िहार गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।


जानकारी के अनुसार, क्लर्क राजकुमार मिश्रा पिछले कई वर्षों से बेतिया अंचल कार्यालय में कार्यरत है। आरोप है कि जमाबंदी अनलॉक करने के नाम पर उन्होंने आवेदक बालेश्वर कुमार से 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। बताया जाता है कि पिछले 6 महीनों से लगातार रिश्वत की मांग की जा रही थी, जिससे परेशान होकर बालेश्वर कुमार ने निगरानी विभाग से इसकी शिकायत की थी।


शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने पर टीम ने जाल बिछाया और बेतिया में कार्रवाई करते हुए राजकुमार मिश्रा को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम आरोपी को अपने साथ लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। 


निगरानी डीएसपी श्याम बाबू कुमार ने बताया कि बेतिया अंचल कार्यालय के RTPS काउंटर पर कार्यरत क्लर्क राज कुमार मिश्रा के खिलाफ जमाबंदी अनलॉक करने के नाम पर 15 हजार रुपये रिश्वत मांगने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत की सत्यता की जांच के बाद निगरानी विभाग ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। 


शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि लेते समय राज कुमार मिश्रा को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट..